गुरुपूर्णिमा पर दादाजी मंदिर में दर्शन के लिए शहर आने वाले भक्तों को लौटाने के लिए सीमाओं पर तैनात पुलिसकर्मी शाम तक इंतजार करते रहे। जिन मार्गों पर हर साल पर्व के दिन लोगों की भीड़ और निशान लाने वाले लोगों के जत्थे दिखाई देते थे, आज उन सभी मार्गों पर एक भी निशान और दादाजी मंदिर आने वाले श्रद्धालु नजर नहीं आए। इस दौरान जिले और अन्य स्थानों से कोई भी श्रद्धालु दर्शन करने के लिए खंडवा नहीं आया। चेकपोस्ट पर पुलिस जवानों के साथ ही कोटवार और नगर सुरक्षा समिति के सदस्य भी आने वाले वाहनों में सवार लोगों से पूछताछ करते रहे।
खाली सड़क पर दिखाई दे रही थी गिनती की गाड़ियां
समय दोपहर 3.10 बजे। स्थान खंडवा-सिंगोट-अमरावती रोड चीरा खदान के पास पंचमुखी हनुमान मंदिर। दाहिने साइड में पेड़ की छांव में ट्रैफिक का एक जवान और होमगार्ड का एक आरक्षक कुर्सी पर बैठे थे। सामने सड़क पर गिनती के वाहन दिखाई दे रहे थे। दो ओर से सड़क खाली थी। दोनों ही जवान खंडवा की ओर आने वाली सड़क से गुजर रहे वाहनों पर निगरानी कर रहे थे। पुलिस विभाग ने जवानों की नाकों पर सुबह 8 से दोपहर 4, दोपहर 4 से रात 12 और रात 12 से सुबह 8 बजे तक तीन शिफ्ट में निगरानी के लिए ड्यूटी लगाई है।
ऐसे रहे शहर के चेक पोस्ट पर हालात
मूंदी रोड : शहर से बाहर पेट्रोल पंप के पास प्रधान आरक्षक रामचरण सोलंकी सहित प्रेमचंद पांडे, गणेश महाजन और कोटवार देवकरण और अमीत आने वाले वाहनों को रोकर पूछताछ करते नजर आए। हालांकि सुबह से शाम तक उन्हें एक भी ऐसा वाहन नहीं मिला जिसमें दर्शन के लिए आने वाले लोग आए हो।
पंधाना रोड : महाराष्ट्र से हर साल इसी मार्ग से सैकड़ों भक्त पद यात्रा कर निशान लाते हैं। वाहनों से भी आते हैं, लेकिन शनिवार को पंधाना रोड पर सामान्य दिनों की तरह ही वाहनों की आवाजाही रही। यहां प्रधान आरक्षक दुर्गादास, संदीप मंडलोई, समरथसिंह, भारत गोलकर, रविंद्र सिसोदिया, विलास वालंजकर व सन्नी चावरे बाहर से आने वाले भक्तों का इंतजार करते रहे, लेकिन शाम तक कोई नहीं आया।
गणेश गोशाला : इस चाैराहे पर दादाजी मंदिर की ओर जाने वाले लोगों को ड्राफ गेट के पास रोका गया। यहां तैनात पुलिसकर्मियों के पास पहले से मंदिर के सेवादारों की सूची थी। सूची में नाम देखने के बाद ही लोगों को मंदिर तक जाने दिया। वहीं शहर के बाहर से आए वाहन चालकों को रोककर पुलिसकर्मियों ने उनसे पूछताछ भी की।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/khandwa/news/the-soldiers-stationed-at-the-borders-waiting-to-return-the-devotees-who-came-to-the-city-for-darshan-no-one-came-till-evening-127479483.html
No comments:
Post a Comment