नगर निगम चुनाव के लिए वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने-हटाने का काम इन दिनों जारी है। कोरोना संक्रमण के कारण अधिकतर वोटर हेल्प सेंटर खाली हैं। इसी कारण पिछले चार दिन में सिर्फ 390 आवेदन ही जमा हुए हैं, इनमें सर्वाधिक नए नाम जोड़ने को लेकर हैं। एडीएम टीएन सिंह के मुताबिक, वोटर लिस्ट में संशोधन का काम 9 जुलाई को दोपहर 3 बजे तक चलेगा। इसके बाद आवेदन नहीं लिए जाएंगे।
नगर निगम के पिछले चुनाव की तुलना में एक जुलाई को प्रकाशित वोटर लिस्ट में 1 लाख 63 हजार 687 नाम जुड़ चुके हैं। पहले कुल वोटरों की संख्या 8 लाख 96 हजार 552 थी जो अब बढ़कर 10 लाख 60 हजार 239 तक पहुंच गई है। एक जनवरी 2020 की स्थिति में तैयार नई लिस्ट को नगर निगम की पुरानी वोटर लिस्ट व विधानसभा चुनाव के हिसाब से तैयार किया गया है। इसे और संशोधित करने के लिए ही 1 जुलाई से सभी 66 वार्डों में अभियान चल रहा है पर यहां पर बहुत कम लोग नाम जुड़वाने, हटवाने या फिर अन्य सुधार करवाने पहुंचे हैं। यह काम 9 जुलाई तक चलेगा। एडीएम श्री सिंह ने कहा कि जिले में वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। चूंकि जनगणना के लिए तय इकाई (वार्ड) में किसी भी तरह के परिवर्तन न करने के निर्देश मिले हैं, इसी कारण परिसीमन की संभावना भी नहीं है। उन्होंने कहा कि वोटर अपनी सुविधा से अपने क्षेत्र के हेल्प सेंटर पर जाकर अपना नाम लिस्ट में देख सकता है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/news/390-applications-in-4-days-only-4-days-and-chance-127482777.html
No comments:
Post a Comment