गौर पुलिस चौकी क्षेत्र में समाधि रोड पर शाम को अपने दोस्त की जन्मदिन की पार्टी मनाकर बरगी से लौट रहा एक युवक ग्राम बारहा के पास केनाल के पास अपने मोबाइल से सेल्फी ले रहा था। अचानक वह केनाल में गिर गया और उसे बचाने के लिए केनाल में कूदा दूसरा साथी बहाव में बह गया। जानकारी लगने पर पुलिस मौके पर पहुँची और केनाल में डूबे युवक की तलाश शुरू की गयी।
इस संबंध में गौर चौकी प्रभारी नितिन पांडे ने बताया कि कजरवारा निवासी रितिक सविता उम्र 20 वर्ष का जन्मदिन था और उसके जन्मदिन की पार्टी मनाने के लिए कजरवारा व सिविल लाइन क्षेत्र से 7-8 युवक दोपहर में बरगी डैम गये थे। वहाँ से लौटते समय शाम साढ़े 6 बजे के करीब सभी ग्राम बारहा के पास रुके थे। उसी दौरान एक साथी कजरवारा निवासी हैप्पी उर्फ आकाश चौधरी उम्र 20 वर्ष केनाल के किनारे खड़ा होकर मोबाइल से सेल्फी ले रहा था।
अचानक उसका पैर फिसला और केनाल में गिर गया। उसे बचाने के लिए दूसरे साथी शिवम सिंह उम्र 22 वर्ष ने केनाल में छलाँग लगा दी। दोनों जब डूबने लगे तो साथियांे ने ग्रामीणों से मदद की गुहार लगाई और ग्रामीणों ने बचाव कार्य करते हुए हैप्पी उर्फ आकाश चौधरी को तो केनाल से बाहर निकाल लिया वहीं उसे बचाने कूदा शिवम सिंह नहर में डूब गया जिसकी तलाश की जा रही है।
केनाल में तेज बहाव
जानकारोंं के अनुसार पिछले दिनों हुई तेज बारिश के कारण केनाल में काफी पानी आ रहा है और तेज बहाव है। जहाँ युवक डूबा वहाँ करीब 25 फीट गहरा होने के कारण युवक की तलाश करने में काफी परेशानी हो रही है। वहीं घटना के कुछ देर बाद ही अँधेरा हो जाने के कारण युवक को तलाशने चलाया जा रहा अभियान बंद किया गया, सुबह से फिर उसकी तलाश शुरू कराई जाएगी।
सदमे में डूबे सभी साथी
जन्मदिन का सेलिब्रेशन कर लौट रहे सभी साथी खुश थे, लेकिन अचानक हुए हादसे से सभी सदमे में डूब गये। उन्हें विश्वास नहीं हो रहा है कि हादसे में उनका एक साथी गायब हो गया है। उधर घटना की जानकारी लगने पर युवकों के परिजन भी मौके पर पहुँच गये थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/jabalpur/news/youth-drowned-in-canal-due-to-selfie-127739003.html
No comments:
Post a Comment