शहरी और ग्रामीण अंचल के युवाओं में खेलों के प्रति रुझान पैदा करने और इनके लिए नियमित रूप से गतिविधियां संचालित करने की कार्ययोजना बनाई गई है। जिससे न केवल खेलो इंडिया खेलो बल्कि ओलंपिक गेम्स में खिलाड़ी पदक हासिल कर सके।
खेल युवा कल्याण विभाग, पुलिस और स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा संयुक्त रूप से गतिविधियां चलाई जाएंगी। इसके लिए गुरुवार को हुई वेबिनार में भोपाल से अधिकारियों द्वारा विभिन्न जिलों के पुलिस अधीक्षक, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला खेल अधिकारी और खेल युवा कल्याण अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए।
यहां बता दें बदले परिवेश में युवा वर्ग खेल मैदान पर कम मोबाइल पर ज्यादा दिखाई देने लगा है। जबकि खेलों में न केवल प्रतिभा निखारने बल्कि भविष्य बनाने के असीम अवसर हैं। परंपरागत खेलों की बात की जाए तो खिलाड़ी ऊंचाइयों पर पहुंचते रहे हैं। लेकिन प्रोत्साहन की कमी के कारण युवाओं का इस ओर रुझान कम होता गया। इसी को बढ़ावा देने के लिए शासन द्वारा कार्ययोजना बनाई गई है।
इसके तहत खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास के अवसर मुहैया कराए जाएंगे। तब खेलो इंडिया खेलो में ही नहीं ओलंपिक गेम्स में भी पदक हांसिल करने की संभावनाएं बनेगी। वेबिनार में खेल युवा कल्याण संचालक पवन जैन, लोक शिक्षण आयुक्त जयश्री कियावत सहित अन्य अधिकारियों द्वारा निर्देशित किया गया। इसके बाद से अफसरों ने खेलों को बढ़ावा देने की योजना पर काम शुरू कर दिया है।
कबड्डी, वालीबॉल, फुटबाल, क्रिकेट पर ज्यादा जोर
प्रदेश स्तरीय वेबिनार में जिले से एसपी मनोज कुमार सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी हरभवन सिंह तोमर, जिला खेल अधिकारी जीवन सिंह जादौन, खेल प्रशिक्षक संजय सिंह शामिल हुए। पहले चरण में भिंड जिले के अटेर में वालीबाॅल व कबड्डी, भिंड में कबड्डी, वालीबाॅल व क्रिकेट व लहार में कबड्डी व फुटबाल की गतिविधियां नियमित रूप से संचालित कराने का निर्णय लिया गया।
विभिन्न विभागों के समन्वय से चलेंगी खेल गतिविधियां
ब्लाक स्तर पर खेल गतिविधियां नियमित रूप से संचालित किए जाने के लिए जहां एक ओर खेल युवा कल्याण विभाग स्पोर्टस टीचर उपलब्ध कराते हुए खेल गतिविधियां संचालित कराएगा वहीं शिक्षा विभाग द्वारा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किए जाने के साथ ही खेल मैदान आदि की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक जरूरतों की पूर्ति कराए जाने का काम किया जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/bhind/news/players-will-get-encouragement-to-bring-medals-127640081.html
No comments:
Post a Comment