जानलेवा कोरोना वायरस को दस्तक दिए शनिवार को 100 दिन पूरे हो जाएंगे। 11 अप्रैल को शहर के मोचीपुरा में पहला पॉजिटिव पाया गया था। पहली जून से जुलाई के 48 दिनों में 600 प्रतिशत की दर से 232 पॉजिटिव सामने आए हैं, जबकि अप्रैल और मई के 51 दिन में सिर्फ 37 पॉजिटिव मिले थे। पीक अब आएगा क्योंकि 99.5 प्रश लोगों के सैंपल की जांच बाकी है। उधर टीम किल कोरोना अभियान में 2.99 लाख घरों में 15,78,897 लोगों का सर्वे कर चुका है। जिले की जनसंख्या लगभग 1589501 का यह 99.3 प्रतिशत है। इसमें 38 पॉजिटिव मिले हैं। वायरस सितंबर बाद ही कमजोर पड़ेगा। इन डराने वाले आंकड़ों के बावजूद लोग सावधान होने के बजाय लगातार लापरवाही बरत रहे हैं। सुकून वाली बात सिर्फ यह है कि अब डॉक्टर और नर्सों में से संक्रमितों के इलाज का डर नहीं रहा। मेडिकल कारोबार भी सामान्य हो गया है। सरकारी महकमा भी तैयारी करके मुस्तैद है।
हर मरीज पर 4500 से 5000 रु. का खर्च
पॉजिटिव निकलने वाले मरीज को ठीक करने पर 4500 से 5000 रुपए खर्च हो रहे हैं। मरीजों को दोनों समय खाना, चाय-बिस्किट के साथ दवाइयां भी दी जा रही हैं। खाने में दाल, सब्जी, रोटी, दूध, फल के साथ मिठाई देते हैं। यह डाइट शुरू से यही है। कोरोना फैलने से रोकने में 2 करोड़ से ज्यादा का खर्च हो चुके हैं। इसमें 80 लाख नगर निगम भोजन के पैकेट में व मेडिकल कॉलेज के 31 से 32 लाख खर्च हो चुके हैं।
आगे क्या : जुलाई में 300 हो सकते हैं मरीज
जुलाई में संक्रमितों की संख्या 300 पार सकती है। इतना ही नहीं अगस्त के पहले सप्ताह कर 400 हो जाएगी। अगस्त अंत या सितंबर के पहले पखवाड़े में पीक दिख सकता है। इसके बाद वायरस का फैलाव कम होता जाएगा। दीपावली तक स्थिति सामान्य होने के आसार हैं, लेकिन यह अनुमान गलत हो सकता है।
कोरोना काल के 100 दिन में हुए ये बदलाव
आइसोलेशन - अप्रैल व मई में 14 दिन था। अब 10 दिन ही।
टेस्ट - शुरुआत में सैंपल मेडिकल कॉलेज इंदौर व भोपाल भेजते थे। इसमें 5-6दिन लगते थे। 30 मार्च को लैब मंजूर।
कंटेनमेंट एरिया - सबसे बड़ा कंटेनमेंट एरिया मोचीपुरा करीब 3 किमी परिधि का था। अब तीन घरों का ही एरिया बना रहा है।
कांटेक्ट ट्रेसिंग - पहले संक्रमित के संपर्क में आए सभी का सैंपल लेकर क्वारेंटाइन करते थे, अब सिर्फ हाईरिस्क वाले ही क्वारेंटाइन कर रहे। सैंपल भी 8 से 10 दिन में ले रहे।
डर : जिले में अब पहले से 527 गुना बढ़ा संक्रमण
- मई तक जिले में संक्रमित 37 ही थे
- जून में संक्रमण की रफ्तार 310.81% रही
- जुलाई में 18 दिन में मिले 111 मरीज
जून में सबसे तेजी से फैला वायरस
11 से 30 अप्रैल तक के 20 दिनों में 14 पॉजिटिव मिले थे। 31 मई तक यह संख्या 37 हो गई। जून में संक्रमण सबसे ज्यादा 310.81 फीसदी की रफ्तार से फैला। अकेले जून के 30 दिन में 121 पॉजिटिव मिले। वायरस की यह गति जुलाई में भी बरकरार है। 1 जून से अब तक की बात करें तो संक्रमण 600 गुना बढ़ गया है।
पीक के लिए तैयारी
- बेड 2 आइसोलेशन वार्ड में 100 बेड है। अभी 50% भी उपयोग में नहीं आ रहे।
- क्वारेंटाइन सेंटर14 क्वारेंटाइन सेंटर में 670 बेड है। अभी सिर्फ 54 लोग भर्ती।
- वेंटिलेटरअभी 15 वेंटिलेटर हैं। अभी गंभीर केस नहीं है।
राहत : 24 घंटे में रिपोर्ट, रिकवरी रेट 78.43%
- मेडिकल कॉलेज में कोरोना टेस्ट लैब मंजूर
- जून में पीसीआर मशीन मिलने से सैंपल बढ़े
- जुलाई के 18 दिन में 4279 सैंपल लिए
5 दिन की बजाए 24 घंटे में रिपोर्ट
शुरुआत में पॉजिटिव कम मिले इसका कारण टेस्टिंग में होने वाली देरी भी रही क्योंकि जांच इंदौर में हो रही थी। इससे रिपोर्ट 4 से 5 दिन में मिल रही थी। विधायक चेतन्य काश्यप ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से बात करके मेडिकल कॉलेज की लैब मंजूर करवाई। 39 दिन में यानी 9 मई से टेस्टिंग भी शुरू हो गई। हर दिन 200 टेस्ट होने लगे। रिपोर्ट 24 घंटे में मिलने लगी। लॉकडाउन के बाद से 1 मई तक सिर्फ 400 सैंपलों की जांच हुई थी। इसमें 16 पॉजिटिव मिले थे। हर रोज 20 या 25 सैंपल ही लिए जा रहे थे। जून में एक और पॉलिमरेज चेन रिएक्शन टेस्टिंग आरटी-पीसीआर मशीन मिलने से टेस्टिंग 500 तक पहुंच गई। फायदा यह हुआ कि सिर्फ जुलाई के 18 दिन में 4279 के सैंपल लिए जा चुके हैं। हालांकि जिले की आबादी के मान से यह सिर्फ 0.5% ही है। फिलहाल रिकवरी रेट 78.43 % है।
दर्द : मेडिकल कॉलेज में मरीजों से खराब व्यवहार
- पॉजिटिव को नहीं मिल पा रहा अपनापन
- रिश्तेदारों व पड़ोसियों की उपेक्षा झेल रहे
- इलाज के दौरान व बाद में डिप्रेशन बढ़ रहा
मरीजों की जुबानी कोरोना वायरस…
- लोग बाहर से विदा कर देते हैं : 14 अप्रैल को पॉजिटिव निकले जवाहर नगर निवासी बुजुर्ग ने बताया 1994 से प्राॅपर्टी का काम कर रहा हूं इसलिए लोगों से काफी मिलना-जुलना होता रहता था। अब तो लोग घर के बाहर खड़ा करके बात करके विदा कर देते हैं। प्रधानमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिख पूछा है कि मेरा क्या कसूर है।
- क्वारेंटाइन सेंटर के स्टाफ का व्यवहार बदलें : 9 जुलाई को पॉजिटिव निकलने के बाद दो दिन पहले ही डिस्चार्ज हुए मीडियाकर्मी ने बताया खाना दूर से ही सरका देते हैं। इससे मरीजों में हीन भावना आती है।
- गेहूं पीसने से मना कर दिया : लोहार रोड पर 14 अप्रैल को संक्रमित मिली 29 वर्षीय महिला ने बताया मोहल्ले के किराना दुकान वाले ने सामान नहीं दिया गया। आटा चक्की वाले ने गेहूं पीसने से मना कर दिया।
बढ़ा कोरोना, घटा बाजार : 50 फीसदी रह गई सैनिटाइजर और मास्क की बिक्री
विटामिन
पहले - एक विटामिन सी की गोली एक रुपए में मिल रही थी।
अब – अब डेढ़ रुपए में मिल रही क्योंकि मई अंत से स्टॉक कम हो गया।
सैनिटाइजर
पहले - 100 एमएल सैनिटाइजर 200 रुपए तक बिका था। झूठा शॉर्टेज बनाया।
अब – 17 से ज्यादा कंपनियाें के प्रोडक्ट उपलब्ध, 100 एमएल 50 रुपए में मिल रहा है। बिक्री 50 प्रतिशत रह गई।
मास्क
पहले – शुरुआत में एन-95 मास्क मिल ही नहीं रहे थे। एक-दो दुकान वालों ने 250 से 300 रुपए तक वसूले। बाकी ने 10 से 20 रुपए में थ्री लेयर वाले सामान्य मास्क बेचे।
अब – दर्जन 7 रुपए में, एक 10 रुपए में मिल रहा। तीन से चार हजार मास्क रोजाना बन रहे। बिक्री 40 से 45% घट गई है।
सर्दी, खांसी, जुकाम की दवा
पहले – 18 से 40% का मार्जिन ज्यादा होने से मेडिकल पैरासिटामोल सहित अन्य दवा मेडिकल आसानी से देते थे।
अब – अब मेडिकल स्टोर वाले सर्दी, खांसी, जुकाम के मरीजों को फीवर क्लिनिक भेज देते हैं। अन्य को भी दवाई सिर्फ डॉक्टर की पर्ची से ही दे रहे हैं।
^टीम वर्क के कारण कोरोना को काबू में रख पाए। मेडिकल कॉलेज में जांच शुरू होने से काफी मदद मिली। समय पर रिपोर्ट मिलने से रोकथाम अच्छे से कर पाए। हमारी तैयारी पूरी है। गाइडलाइन के अनुसार सारे प्रबंधन किए जा रहे हैं। पुलिस, स्वास्थ्य और नगर निगम की टीम प्रशासन के साथ मिलकर अच्छा काम कर रहे हैं।
-रुचिका चौहान, कलेक्टर
^पहले डेथ रेट 7.5 प्रतिशत तक पहुंच गया था, अब 2.9 रह गया है। यह अच्छा संकेत है। मेडिकल काॅलेज में क्वारेंटाइन सेंटर में मरीजों को इलाज के साथ सारी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। मैनजमेंट हमारे है, बाकी स्टॉफ व अन्य व्यवस्थाएं स्वास्थ्य विभाग कर रहा है।
डॉ. संजय दीक्षित, डीन-मेडिकल कॉलेज
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/ratlam/news/the-peak-will-come-right-now-because-9950-of-the-investigation-remains-232-infected-in-last-48-days-37-in-first-51-days-127528726.html
No comments:
Post a Comment