Thursday, July 2, 2020

2 दिन में टीम ने 25 फीसदी पूरा किया सर्वे, 5.79 लाख की जांच में 325 संदिग्ध मिले

जिले में कोरोना महामारी की चेन तोड़ने के लिए 1 से 15 जुलाई तक चलने वाले किल कोरोना अभियान में दो दिन में 5.79 लाख लोगों के स्वास्थ्य का सर्वे हो गया है। 22 लाख आबादी के हिसाब से 25 प्रतिशत काम पूरा हो गया। स्वास्थ्य व आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की टीम को लोग खुलकर जानकारियां देने में फिर भी कतरा रहे हैं।

गुरुवार जिलेभर में स्वास्थ्य अफसरों ने निरीक्षण किया। रायबिड़पुरा गांव में सर्वे टीम पहुंची तो यहां बुजुर्ग ओटले पर बिना मास्क व सोशल डिस्टेंसिंग के बैठे थे। कर्मचारियों ने उन्हें समझाइश दी। साथ ही मास्क पहनने को कहा। दावा है दल तय समय से पहले सर्वे पूरा कर लेगा। सीएमएचओ डॉ. रजनी डावर ने बताया कि बुधवार से शुरू हुए सर्वे में 362 टीम घर-घर जाकर सर्वे कर रही है। 23 मोबाइल यूनिट इस काम में लगाए गए हैं। 362 एएनएम दल का नेतृत्व कर रही हैं। जबकि 1464 आशा व आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की पायलेट दल भी सर्वे में शामिल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक 325 संदिग्ध मिले हैं। उनकी जांच व जरूरत होने पर सैंपलिंग भी की जाएगी।
दृश्य 1 : जानकारी मांगी तो पत्नी ने सर्दी-जुकाम बताया, पति बोला- झूठ बोल रही, कुछ नहीं हुआ
सेगांव में सर्वे में कर्मचारियों ने महिला से सर्दी-जुकाम, बुखार आदि लक्षणों के बारे में जानकारी मांगी। इसी दौरान महिला ने कहा कि मुझे सर्दी-जुकाम है। महिला के पति ने चुप रहने को कहा। इसके बाद कर्मचारियों से कहा कि यह तो झूठ बोल रही है। उसे कुछ नहीं हुआ है। इसके बाद दोनों विवाद करने लगे। कर्मचारी वहां से अगले घर पहुंचे।

दृश्य 2 : महिलाएं बोलीं, कुछ होगा तो जानकारी देंगे
गुरुवार को रायबिड़पुरा में टीम पहुंची। यहां कर्मचारियों ने कहा कि घर में किसी को सर्दी जुकाम व बुखार की शिकायत तो नहीं है। इसी दौरान एक महिला बोली, पहले यह बताओ कि जांच के बाद एंबुलेंस में बैठाकर जिला अस्पताल तो नहीं ले जाओगे, यदि ऐसा नहीं हो तो ही जांच कराएंगे। कुछ जगह महिलाओं ने कहा कि हमने तो कुछ दिन पहल ही जांच कराई थी। सभी लोग ठीक-ठाक है। कुछ होगा तो आपको जानकारी देंगे।

दृश्य 3 : टीम से युवक बोला- मैं ठीक हूं, लिखकर दूं
शहर में सर्वे के दौरान लोग जानकारियां नहीं दे रहे हैं। इंदिरा नगर क्षेत्र बुधवार को टीम ने एक ही परिवार के दो लोगों का सर्वे किया था। इसमें दोनों को सर्दी-जुकाम की शिकायत थी। टीम ने कहा कि गुरुवार को दोनों के सैंपल लेंेग। टीम पहुंची तो दोनों काम पर चले गए। इसके अलावा टवड़ी क्षेत्र में सैंपल लेने गई टीम ने युवक का सर्दी-जुकाम का सर्वे किया था। गुरुवार टीम पहुंची तो युवक ने कहा कि अब मैं ठीक हूं। मुझे कोई जांच नहीं कराना है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/local/mp/khandwa/khargone/news/team-completed-25-survey-in-2-days-investigation-found-579-lakh-325-suspects-127472945.html

No comments:

Post a Comment