Saturday, June 27, 2020

घाघरला में वन विभाग की टीम से भिड़े वन माफिया, ग्रामीणों की सहायता से खदेड़ा

घाघरला के जंगल में अवैध कटाई का निरीक्षण करने पहुंची वन विभाग की टीम से अवैध कटाई करने वाले वन माफिया भिड़ गए। भोपाल से आई टीम ने दिन में ही हो रही अवैध कटाई देखी, जब रोकना चाहा तो 100 से ज्यादा का समूह बनाकर वन माफिया हमले की तैयारी करने लगे। वन विभाग ने ग्रामीण की सहायता से उन्हें खदेड़ा।
बीते एक साल में नेपानगर क्षेत्र में सबसे अधिक जंगल कटा है। दो दिन पहले वन माफियाओं ने घाघरला में 15 एकड़ जंगल भी काट दिया। इसे लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों में आक्रोश है। इसकी शिकायत भोपाल पहुंचकर मुख्य प्रधान वन संरक्षक को की गई थी। प्रधान मुख्य वन संरक्षक राजेश श्रीवास्तव ने जांच कर उचित कार्रवाई करने के लिए कहा था। इसके बाद शनिवार को भोपाल से वन विभाग की टीम जांच के लिए आई। टीम ने सिंधखेड़ा, मांडवा, घाघरला सहित अन्य वन क्षेत्रों में अवैध कटाई की जानकारी हासिल की। फोटो और वीडियोग्राफी भी बनाए। इसकी रिपोर्ट प्रधान मुख्य वन संरक्षक को की जाएगी। इस दौरान भोपाल से आई टीम ने देखा ग्राम घाघरला के जंगल में कुछ लोग दिन में भी पेड़ाें की सरेआम कटाई कर रहे थे। करीब 100 से अधिक लोग एक समूह में जमा हो गए। वन विभाग की टीम और उनके बीच झूमाझटकी भी हुई। तब वन विभाग की टीम ने ग्राम घाघरला से ग्रामीणों को भी बुला लिया। टीम और ग्रामीणों ने मिलकर उन्हें मौके से खदेड़ा। भोपाल से आई टीम ने इसकी पूरी वीडियोग्राफी की।
जुलाई 2019 के बाद से अतिक्रमण में आई तेजी
जुलाई 2019 में बदनापुर में वन विभाग की टीम और वनकर्मियों के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान वन विभाग की टीम ने हवाई फायर किए थे। तब डीएफओ से लेकर एसडीओ और रेंजर तक को बदल दिया गया। इसके बाद अतिक्रमणकर्ताओं ने हावी होकर दो बार नेपानगर थाने का घेराव किया था और लगातार कटाई चालू कर दी थी। नई डीएफओ की पदस्थापना होने के बाद से अब तक यहां लगातार जंगल कटता रहा, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने इस तरफ ध्यान नहीं दिया। जब से वनाधिकर अधिनियम 2005-06 आया है तब से जंगलों का विनाश अधिक होना शुरू हो गया, क्योंकि पट्टे की आस में नए नए दावेदार दूसरे जिलों से भी यहां आकर बस गए।
सीवल में अतिक्रमण, बोवनी देखकर दंग रह गई टीम
वन विभाग की टीम प्रभारी, रेंजर डीके सक्सेना, तीन डिप्टी रेंजर और 6 नाकेदार शामिल हैं। टीम को सीवल में किया गया अतिक्रमण भी दिखाया। इसे देखकर टीम के सदस्य भी दंग रह गए। यहां अधिकांश वन भूमि पर बोवनी की हुई नजर आई। साथ ही जगह-जगह कटे हुए ठूंठ दिखे। इसी तरह बदनापुर में भी जंगल की जगह ज्यादा मैदान ही नजर आया। वन अधिकारियों का कहना है कि जिस तरह घाघरला में जंगल बचाने के लिए ग्रामीण सहयोग कर रहे हैं वैसा सहयोग सीवल में नहीं मिल रहा इसलिए यहां अतिक्रमणकर्ता और लकड़ी माफिया हावी हो रहे हैं।
^ घाघरला में वन विभाग की टीम पर हमले का प्रयास किया। इस दौरान झूमाझटकी भी की गई। ग्रामीणों की मदद से उन्हें खदेड़ा गया।
गुलाबसिंह बामने, प्रभारी रेंजर नेपानगर



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Forest mafia clashed with team of forest department in Ghagharla, chased with help of villagers


source https://www.bhaskar.com/local/mp/khandwa/nepanagar/news/forest-mafia-clashed-with-team-of-forest-department-in-ghagharla-chased-with-help-of-villagers-127455373.html

No comments:

Post a Comment