रिंगनोद थाना क्षेत्र के मातामेलकी के जिस व्यक्ति की संदिग्ध मौत हो गई थी, उसकी जांच रिपोर्ट रविवार को निगेटिव आई। मृतक के संपर्क में आने से क्वारंटाइन में रखे सभी लोगों को घर भेज दिया। कलालिया एवं पाताखेड़ी के दो लोगों की रतलाम जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। ये सामान्य मौत थी, फिर भी लॉकडाउन प्रोटोकॉल के कारण उनका रतलाम में अंतिम संस्कार करना पड़ा। कोविड अधिकारी प्रमोद प्रजापति ने बताया दोनों के सैंपल नहीं लिए और कोरोना से भी कोई संबंध नहीं है।
मातामेलकी निवासी 41 वर्षीय फकरुद्दीन की 29 अप्रैल को रतलाम आइसोलेशन वार्ड में संदिग्ध मौत हो गई थी। रिपोर्ट आने तक परिवार के 9 सदस्य एवं संपर्क में आए रिंगनोद के एक जन स्वास्थ रक्षक समेत कुल 12 लोगों को क्वारंटाइन सेंटर में रखा था लेकिन रविवार को रिपोर्ट निगेटिव आ गई। रिंगनोद स्वास्थ केंद्र प्रभारी डॉ. मयंक सिसौदिया ने बताया रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद क्वारंटाइन सेंटर से जन स्वास्थ रक्षक समेत सभी 12 लोगों को घर भेज दिया। रिंगनोद टीआई निमेष देशमुख ने बताया गांव में लगाई अतिरिक्त पाबंदी भी हटा दी है।
कलालियाः अग्निदग्धा की मौत, रतलाम में ही किया अंतिम संस्कार
28 अप्रैल की रात ग्राम कलालिया निवासी कांताबाई कीर (46) ने खुद को आग लगा ली थी। इसे बचाने में पति जगदीश कीर भी 35 फीसदी झुलस गया था। इन दोनों को रतलाम रेफर किया था। जहां इलाज के दौरान शनिवार रात 9 बजे कांताबाई की मौत हो गई। लॉकडाउन प्रोटोकॉल के कारण सामान्य मौत होने पर भी शव गांव लाने की अनुमति नहीं मिली। इसलिए कलालिया से गए पुत्र जीवन और वहीं भर्ती पति जगदीश की मौजूदगी में रतलाम में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया। इनकी एक बेटी आशा है जिसकी शादी रूगनाथगढ़ हो चुकी है।
पाताखेड़ी :वीडियो कॉल पर पति का शव देखते ही बेसुध हुई पत्नी
ग्राम पाताखेड़ी निवासी वीरेंद्रसिंह राठौर (28) को शनिवार दोपहर सिने में दर्द होने पर परिजन सिविल अस्पताल जावरा ले गए। वहां से रतलाम रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान रात करीब 11 बजे मौत हो गई। चूंकि लॉकडाउन चल रहा है, इसलिए प्रोटोकॉल के तहत रविवार सुबह रतलाम में ही अंतिम संस्कार हुआ। यहां से रिश्तेदार बापूसिंह, तूफानसिंह साथ गए थे और उन्होंने वीडियो कॉल पर पत्नी सोनाकुंवर को अंतिम दर्शन करवाए लेकिन यह दृश्य देखते ही पत्नी बेसुध हो गई। इनके चार साल की बेटी पायल है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/ratlam/dhodar/news/the-report-of-the-mother-of-the-mother-was-negative-two-others-died-in-ratlam-the-funeral-protocol-127269862.html
No comments:
Post a Comment