लॉकडाउन शिथिल होने के साथ ही ट्रांसपोर्टेशन ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है। हालांकि अभी सिर्फ 30 फीसदी लोडिंग वाहन ही शुरू हुए लेकिन यातायात बढ़ते ही जावरा-नयागांव टोल रोड कंपनी ने रविवार रात 12 बजे से ही टोल टैक्स वसूली शुरू कर दी है। यह 25 मार्च से बंद थी और इन 38 दिनों में टोल कंपनी की करीब 7.5 करोड़ की आय प्रभावित हुई है। अब फिर से टोल कंपनी ने टैक्स वसूली तो शुरू कर दी लेकिन यहां फास्ट टैग सुविधा नहीं होने से रसीद बनाने से लेकर कैश लेन-देन मैन्युअल ही करना पड़ेगा। ऐसे में देशभर से गुजर रहे वाहनों के कारण संक्रमण का खतरा रहेगा।
कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए 25 मार्च से देशभर में संपूर्ण लॉकडाउन लागू हो गया था। इसके बाद ट्रांसपोर्टेशन भी बंद हो गया था तो टोल रोड कंपनी ने टोल बैरियर बंद कर दिया। फिर धीरे-धीरे आवश्यक वस्तुओं का ट्रांसपोर्टेशन शुरू हुआ लेकिन टोल कंपनी ने अब तक टैक्स वसूली शुरू नहीं की। चूंकि दूसरे लॉकडाउन की अवधि 3 मई की रात 12 बजे खत्म हो गई है और इसके बाद तीसरे चरण का जो लॉकडाउन 17 मई तक के लिए लागू हो रहा है, उसमें केंद्र की गाइड लाइन में कई सारी छूट शामिल है। ऐसे में टोल रोड कंपनी ने भी टैक्स चालू करने का निर्णय लिया है। रविवार दिनभर इसी की तैयारी चलती रही और रात 12 बजे टैक्स वसूली भी शुरू कर दी गई है।
9 हजार वाहन से 20 लाख रोज का कलेक्शन था
फोरलेन पर 24 घंटे में 9 हजार वाहन रोज निकल रहे थे। इससे रोज करीब 20 लाख से अधिक का टोल टैक्स कलेक्शन हो रहा था। लॉकडाउन के बाद ये जीरो हो गया था लेकिन धीरे-धीरे वाहन बढ़ने लगे हैं। अभी करीब 2500 से ज्यादा वाहन निकलने लगे हैं हालांकि इसमें लोडिंग वाहनों की तादाद काफी कम है। करीब 500 वाहन तो सरकारी हैं जो इधर से उधर दौड़ रहे हैं जबकि बाकी बाइक एवं अन्य निजी वाहन हैं। चूंकि ट्रांसपोर्टेशन ने रफ्तार पकड़ ली है तो कंपनी भी कोई नुकसान नहीं चाहती, इसलिए आनन-फानन में टैक्स वसूली शुरू कर दी गई है।
संक्रमण के खतरे से डरे कर्मचारी, अफसर बोले : सुरक्षा का रखेंगे ध्यान
टोल बैरियर पर मेंटेनेंस टीम समेत सभी मिलाकर 100 कर्मचारी है। ज्यादातर को संक्रमण का खतरा है। कर्मचारियों का कहना है कई हॉटस्पॉट शहरों से भी वाहन निकल रहे हैं। ऐसे में इन्हें रसीद बनाकर देना और टोल टैक्स की राशि नकद लेने में संक्रमण का खतरा रहेगा। फास्ट टैग सुविधा तो है नहीं कि दिक्कत नहीं रहे इसलिए परिस्थिति पूरी सामान्य होने के बाद ही टोल टैक्स पर काम होना चाहिए। मामले में टोल कंपनी प्रोजेक्ट मैनेजर सचिन खेरनार ने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी उपाय एवं साधन-संसाधन जुटाने के बाद ही टोल टैक्स वसूली शुरू की गई है। सैनिटाइजर व दस्ताने कर्मचारियों को देंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/ratlam/dhodar/news/38-days-later-toll-collection-starts-at-12-noon-127269849.html
No comments:
Post a Comment