Tuesday, May 19, 2020

जिले में छह नए पॉजिटिव में एक साल का बच्चा भी, शोभापुर व कतिया कोयलारी में कर्फ्यू जैसी पाबंदी

मुंबई से लौटे टिफिन का कारोबार करने वाले लोगों ने बैतूल जिले में कोरोना का खतरा बढ़ा दिया है। शोभापुर और कतिया कोयलारी गांव के 6 पॉजिटिव होने की पुष्टि के बाद मंगलवार को प्रशासन ने शोभापुर और कतिया कोयलारी गांव को कंटेनमेंट एरिया घोषित करके बैरिकेड लगाकर गांव के रास्ते और गलियों काे बंद कर दिया है। मंगलवार काे 30 सैंपल भेजे गए हैं।

संक्रमित मरीजों को घोड़ाडोंगरी का कोरोना केयर सेंटर में भर्ती रखा है, वहीं उनके कांटेक्ट में आए अन्य लोगों को घोड़ाडोंगरी के ही एक स्कूल में रखा है। वहीं चारगांव, ग्राम रतनपुर, जुवाड़ी, हीरावाड़ी, मेहकार और छुरी गांव काे बफर जोन बनाया है।

1 साल का बच्चा भी शामिल
संक्रमित में शोभापुर के दंपती और उनका 1 साल का बच्चा भी शामिल है। गांव का एक अन्य व्यक्ति भी पॉजिटिव है। वहीं कतिया कोयलारी के दो अन्य कोरोना संक्रमित हैं। जिले में काेराेना के 9 केस हाे चुके हैं। इनमें से 8 एक्टिव हैं। एक पॉजिटिव भैंसदेही का युवक ठीक हो चुका है।

संकट बढ़ा : मुंबई से आए लोगों के कारण जिले में बढ़ रही कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या
बच्चे को खिलाने वालों की लिस्ट में चार लोग

1 साल के कोरोना संक्रमित बच्चे को गोद में लेकर दुलार करने वालों की भी सूची स्वास्थ विभाग ने बनाई है। गांव के चार लोगों के नाम सामने आए हैं, जिन्होंने बच्चे को गोद में लेकर प्यार दुलार किया था, उन्हें भी क्वारेंटाइन करके सैंपल लिए जा रहे हैं।

25 साल से मुंबई में कर रहे टिफिन का कारोबार
कतिया कोयलारी गांव से 25 साल पहले एक ग्रामीण मुंबई गया था। वह वहां टिफिन और कैटरिंग का काम करता था। इसके बाद गांव के बहुत से लोगों को जोड़ लिया। गांव के लगभग 20 लोग इस कारोबार में जुड़े हैं। सभी ने स्वतंत्र रूप से कारोबार करना भी शुरू कर दिया, लेकिन अब कारोबार चौपट होने के कारण बैतूल लौटना पड़ा।

65 की रिपोर्ट आई निगेटिव, 6 केस कोरोना पॉजिटिव, 30 नए सैंपल भेजे
स्वास्थ्य विभाग के सैंपल लेने और रिपोर्ट आने दोनों की प्रक्रिया में तेजी आ गई है। मंगलवार को एक साथ 65 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई वहीं 6 सैंपल पॉजिटिव निकले। मंगलवार को 30 नए सैंपल भी स्वास्थ्य अमले ने रीजनल वायरोलॉजी लैब भोपाल एम्स को भेजे हैं। सीएमएचओ डाॅ. जीसी चौरसिया ने बताया 30 नए सैंपल भेजे गए हैं। मंगलवार को 6 रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है।

तारा गांव के काेरोना पॉजिटिव के साथ मुंबई से लौटे थे ये सभी लोग
पॉजिटिव पाए गए सभी छह लोग हाल ही में तारा गांव के लोगों के साथ मुंबई से स्कूटी से लौटे थे। तारा गांव के दो लोगों के संक्रमित पाए जाने के बाद जब उनकी हिस्ट्री निकाली गई, तो शोभापुर और कतिया कोयलारी के लोगों के साथ में मुंबई से आने की बात सामने आई। इसके बाद 26 लोगों के सैंपल लिए थे। अब रिपोर्ट आने पर इनके संक्रमित होने का खुलासा हुआ है।

जीसी चौरसिया, सीएमएचओ, बैतूल ने कहा - संपर्क में आए लाेगाें के सैंपल ले रहे हैं
शोभापुर के 4 और कतिया कोयलारी के दो लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। शोभापुर का एक साल का बच्चा भी संक्रमित है। उसके माता-पिता भी संक्रमित हैं, बच्चे को गांव के 4 लोगों ने गोद में लिया था। जांच करवाई जा रही है सैंपल लिए जा रहे हैं।


हरसिमरन कौर, एसडीएम, शाहपुर ने कहा- घराें तक सामग्री पहुंचाने की व्यवस्था करेंगे

6 कोरोना संक्रमित मरीज पाए जाने के बाद शोभापुर और कतिया कोयलारी दोनों गांव में कंटेनमेंट एरिया बनाया गया है। बैरिकेड लगाकर आने जाने के रास्ते बंद किए हैं। कंटेनमेंट क्षेत्रों से बाहर जाने और भीतर आने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। सामान की डिलीवरी घरों में करने की व्यवस्था की जाएगी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
बैतूल। लोगों से जानकारी लेती हुई अधिकारियों की टीम।


source https://www.bhaskar.com/local/mp/hoshangabad/betul/news/one-year-old-child-in-six-new-positives-in-district-curfew-like-ban-in-sobhapur-and-katia-koyaliari-127320561.html

No comments:

Post a Comment