10 हजार रुपए के इनामी बदमाश सलमान लाला सहित 5 आरोपी काे मंडी पुलिस ने रविवार काे न्यायालय में पेश किया। यहां से सलमान लाला व जावरा निवासी अल्फेज खान काे न्यायालय ने 12 मई तक पुलिस रिमांड पर साैंपा है। राजस्थान के कुख्यात बदमाश रेहान, सलमान पिता रईस व इमरान काे भेरूगढ़ जेल भेज दिया है।
पुलिस अब सलमान व अल्फेज से हथियाराें के जखीरे के बारे में पूछताछ करेगी। अल्फेज ने हथियार उसके भाई परवलिया निवासी शमीउल्लाह खान से खरीदना बताया था, लेकिन सवाल यह है हथियाराें का जखीरा लेकर पांचाें कुख्यात बदमाश शहर या अन्य स्थान पर किस वारदात काे अंजाम देने की फिराक में थे।
खान है प्रापर्टी डीलर
शमीउल्लाह जावरा सहित आसपास क्षेत्र में प्रापर्टी डीलर का काम करता है। उस पर जावरा थाने में जनवरी 2020 में मात्र एक प्रकरण धारा 506 में धमकी देने का दर्ज है। इसके अलावा उस पर काेई अन्य आपराधिक प्रकरण दर्ज नहीं है। हालांकि पुलिस उसकी तलाश कर रही है, क्याेंकि हथियाराें का जखीरा कहां से लाया गया, यह भी पता करना है।
शहर संवेदनशील, फिर भी खुफिया विभाग की नजर से छिपे रहे बदमाश
शहर सिमी का गढ़ माना जाता है, इसे लेकर खुफिया विभाग की नजर हमेशा शहर पर हाेती है। उसके बाद भी आरोपी यहां छिपे रहे और खुफिया विभाग काे इसकी भनक तक नहीं लग पाई। खास बात यह है कि 10 हजार रुपए का इनामी बदमाश सलमान लाला खुद फरार था। उसके बाद भी वह राजस्थान के बदमाशाें काे शहर में फरारी कटवा रहा था। पुलिस सूत्रों के अनुसार राजस्थान में पुलिस आरक्षक पर 10 मार्च 2020 में हमला हुआ था। उसके बाद से ही हिस्ट्रीशीटर बदमाश शहर में पहुंच गए थे। राजस्थान पुलिस ने दबिश भी दी थी, लेकिन यह मिले नहीं थे। यानी मार्च से ही 5 बदमाश शहर में ही छिपे हुए थे, जाे लाॅकडाउन की वजह से निकल ही नहीं पाए। राजस्थान पुलिस द्वारा दबिश के बाद भी खुफिया विभाग काे जानकारी नहीं लगना भी कई सवाल खड़े कर रहा है।
758 गाेलियां, कीमत 1 लाख 13 हजार रुपए
5 बदमाशाें के पास से हथियाराें का जखीरा मिला है। इसकी कीमत लगभग 8 लाख 53 हजार रुपए है। इसमें सबसे महंगी विदेशी पिस्टल वेबले शाॅट है, कीमत 6 लाख बताई जा रही है। 4 देशी पिस्टल करीब 1 लाख 40 हजार की है। 758 गाेलियाें की कीमत लगभग 1 लाख 13 हजार रुपए है। इसमें खास बात यह है कि 9 एमएम की गाेलियां आसानी से नहीं मिलती है, क्याेंकि इसका उपयाेग सरकारी रूप से हाेता है, बावजूद बदमाशाें के पास 84 गाेलियां मिली। इसकी कीमत 400-500 रुपए प्रति राउंड हाेती है। सबसे अधिक 462 राउंड 12 बाेर के मिले हैं।
मंदसाैर और उप्र से जुड़े हैं तार, रतलाम पुलिस ने भी 2018-19 में पकड़ा था हथियार का जखीरा
पुलिस सूत्राें के मुताबिक हथियाराें की खरीद-फराेख्त के तार मंदसाैर और उप्र से जुड़े हुए हैं। रतलाम पुलिस ने 2018 व 2019 में हथियाराें का जखीरा पकड़ा था। इसमें मंदसाैर से हथियाराें की खरीद फराेख्त की बात सामने आई थी। पुलिस ने जांच की ताे उसमें परवलिया के लाेगाें द्वारा हथियार खरीदने की बात आई थी। इन हथियाराें के जखीरे का लिंक उप्र से हाेने की संभावना जताई गई थी। पुलिस भी अपना रुख इस दिशा में कर हथियार की खरीद-फराेख्त की जानकारी निकालने में लगी हुई है।
राजस्थान से मप्र तक रेयान पर दर्ज है प्रकरण- राजस्थान के कुख्यात बदमाश रेयान पर राजस्थान के अलावा मप्र में भी प्रकरण दर्ज है। जावरा थाने में उसके खिलाफ मार्च 2019 में मारपीट, धमकी देने और अगस्त 2019 में जबरन वसूली सहित 384, 387 में भी प्रकरण दर्ज है।
मकान मालिक पर हाेगा प्रकरण दर्ज
सलमान व अन्य 4 हिस्ट्रीशीटर जिस मकान में रुके थे, वह अनवर सांकला का बताया जा रहा है। पुलिस मकान की रजिस्ट्री सहित अन्य दस्तावेज की जांच कर रही है। मकान जिसके नाम हाेगा, पुलिस उस पर भी बदमाशाें काे पनाह देने पर प्रकरण दर्ज करेगी।
हथियारों को लेकर करेंगे पूछताछ
सलमान व अल्फेज से पूछताछ के लिए 12 मई तक का पुलिस रिमांड मिला है। शेष तीन बदमाश काे भेरूगढ़ जेल भेज दिया गया है। हथियाराें के मामले में दाेनाें से पूछताछ की जा रही है।
श्यामचंद्र शर्मा, थाना प्रभारी, मंडी थाना नागदा
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/ujjain/nagda/news/the-crooks-could-have-done-a-big-crime-with-eight-and-a-half-million-weapons-127290056.html
No comments:
Post a Comment