Sunday, May 10, 2020

पहले चरण में किराना, इलेक्ट्रिक, स्टेशनरी, व इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानें खोलने का सुझाव

कोरोना संक्रमण के करीब दो महीने बाद अब बाजार को सुचारु बनाने के प्रयास तेज होने लगे हैं। मरीजों के ठीक होने की दर बढ़ने के बाद प्रशासन भी इस दिशा में सक्रिय है। वहीं औद्योगिक और कारोबारी संगठनों द्वारा बाजार को चरणबद्ध खोलने की मांग के साथ ही अलग-अलग तरह के सुझाव दिए जा रहे हैं। इसी कड़ी में इंदौर स्कूटर ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष शेखर खन्ना व सचिव बल्लू भराणी ने कलेक्टर को पत्र लिखकर सुझाव दिए हैं। इसमें कहा है कि एक दिन मंे एक ही तरह के बाजार खुलने चाहिए। जैसे एक दिन कपड़ा बाजार तो एक दिन अन्य बाजार, इससे भीड़ नहीं आएगी। पहले चरण में अनिवार्य वस्तु वाले बाजार जैसे किराना, स्टेशनरी, इलेक्ट्रिक व इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटो पार्ट्स को शामिल करते हुए इन्हें खोला जाना चाहिए।
यह भी सुझाव- निजी लैब में कर्मचारियों की कोरोना जांच की मंजूरी दी जाए, ताकि शुरू हो सके इंडस्ट्री उद्योगपतियों और प्रशासन के बीच लगातार इंडस्ट्री खोलने को लेकर चर्चा चल रही है। इसमें कुछ उद्योगपतियोें ने सुझाव दिया है कि प्रशासन हमें इसकी मंजूरी जारी कर दे कि हम अपने यहां काम करने वाले श्रमिकों, कर्मचारियों के कोरोना टेस्ट करा सकें। टेस्ट रिपोर्ट आने के बाद ‌हम उनसे काम करा सकेंगे, जिससे किसी को संक्रमण का खतरा भी नहीं रहेगा। हालांकि उद्योगपतियोें ने इसमें प्रशासन से मदद मांगी है कि टेस्ट का खर्च का कुछ अंश वह देंगे और कुछ शासन स्तर पर दिया जाए। इससे अार्थिक गतिविधियां तेज रफ्तार से बिना किसी शंका के शुरू हो सकेंगी। हालांकि कलेक्टर मनीष सिंह का कहना है कि इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने टेस्ट कराने की गाइडलाइन दी हुई है। बेवजह टेस्ट नहीं करा सकते हैं। हमारे निर्देश यही है कि मंजूरी शर्तों का पालन करते हुए काम कराएं और जो भी संदिग्ध लगे तत्काल जांच कराएं। एसोसिएशन ऑफ इंडस्ट्री मप्र के उपाध्यक्ष योगेश मेहता ने कहा कि हम सभी के सुझाव प्रशासन को दे रहे हैं। फूड प्रोसेसिंग से जुड़ी यूनिट ने तत्काल काम शुरू कराने की मंजूरी मांगी है, क्योंकि उन्हें आशंका है कि कच्चा माल खराब हो जाएगा, जिससे भारी नुकसान होगा। पीथमपुर की कुछ इंडस्ट्री ने सागर व अन्य जिलों से अपने श्रमिक बुलाने की मंजूरी मांगी है। वह अपनी बस भेजकर इन्हें ले आएंगे।

सीए बोले- हमें दफ्तर खोलने की अनुमति दी जाए, कलेक्टर ने कहा- अभी नहीं दे सकते

आर्थिक गतिविधियों को तेज करने को लेकर रविवार को रेसीडेंसी में सांसद शंकर लालवानी के साथ ही सीए और कलेक्टर मनीष सिंह की बैठक हुई। इसमें सीए एसोसिएशन के चेयरमैन हर्ष फिरोदा ने मांग रखी कि सीए को ऑडिट करना होता है, इसके िलए मंजूरी दी जाए, इस पर कलेक्टर ने पास जारी करने की बात कही। पूर्व चेयरमैन सीए अभय शर्मा ने कहा इंडस्ट्रीज तो चालू हो गई लेकिन सीए ऑफिस अभी भी बंद हैं। क्लाइंट्स का सारा रिकॉर्ड तथा सिस्टम सीए के ऑफिस में ही होता है अतः कुछ शर्तों के साथ सीए ऑफिस चालू करने की अनुमति दी जाए। सीए को अनिवार्य सेवा में भी रखने की मांग की गई, जिससे सरकार को भी टैक्स राजस्व मिल सके। इस पर कलेक्टर ने कहा कि अभी दफ्तर नहीं खोले जा सकते हैं। सीए ने अधिक से अधिक होम डिलीवरी सिस्टम को मजबूत करने के लिए कहा, जिससे बाजारों में भीड़ नहीं आए। मोबाइल क्लीनिक और मोबाइल डिस्पेंसरी चालू करने की भी सुझाव दिया गया। कलेक्टर ने कहा कि जून-जुलाई मंे फिर से केस बढ़ने की बात कही जा रही है। हमें इस स्थिति से इंदौर को बचाना है। इसलिए सतर्कता के साथ चरणबद्द तरीके से ही आगे बढ़ना होगा। सांसद ने भी कहा कि बाजार की गतिविधियां धीरे-धीरे बढ़ाई जा रही है और सभी के सुझाव से ही इंदौर में आगे बढ़ेंगे। इस अवसर पर सीए शाखा के सीए चर्चिल जैन, सीए जय नागपाल भी मौजूद थे।

फल विक्रेताओं की बैठक के बाद आज तय होगी फ्रूट बास्केट के रेट

किराना और सब्जियों के बाद फलों की भी डोर-टू-डोर डिलीवरी के लिए फल विक्रेताओं की बैठक सोमवार को होगी। इसमें फलों की बास्केट के रेट तय किए जाएंगे। निगमायुक्त प्रतिभा पाल ने बताया फल विक्रेताओं की आपस में लगातार बैठकें चल रही हैं। किराना और सब्जी की तरह ही फलों को डोर टू डोर पहुंचाने के लिए जरूरी है कि सभी बातें पहले ही तय हो जाए। फल विक्रेताओं ने रविवार को भी आंतरिक बैठक की और सोमवार को भी बैठक होगी। इसके बाद शाम को प्रशासन के साथ बैठक कर फलों की बास्केट के रेट तय किए जाएंगे। एक की दर 150 से 200 के आसपास रखी जाए तथा दूसरी 300 से 350 की रेंज में होगी। बड़ी बास्केट में फलों की संख्या ज्यादा होगी। जो बड़े परिवार के हिसाब से होगी। सब्जियों की तरह ही फलों की भी बास्केट तैयार करने के लिए बायपास के गार्डन अधिगृहित किए जाएंगे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कोरोना संक्रमण के करीब दो महीने बाद अब बाजार को सुचारु बनाने के प्रयास तेज होने लगे हैं।


source https://www.bhaskar.com/local/mp/indore/news/suggestions-of-opening-grocery-electric-stationery-and-electronics-shops-in-the-first-phase-127290059.html

No comments:

Post a Comment