लॉकडाउन में राशन की आड़ में किराना दुकानों से गुटखा पाउच चोरी-छिपे बिक रहा है। इसमें भी नकली पान मसाला व जर्दे के पाउच बिकने का मामला सामने आया है। एसडीएम ने दल-बल और पुलिस के साथ एक गोदाम पर छापामार कार्रवाई कर 10 लाख से अधिक का माल जब्त किया है। खाद्य व सुरक्षा विभाग को सैंपलिंग के लिए माल सौंप दिया है। जांच रिपोर्ट आने तक स्टॉक की बिक्री पर रोक लगा दी है।
पान मसाला व तंबाकू के पाउच को मिक्स कर लोग गुटखा का सेवन करते हैं। लॉकडाउन में 20 रुपए का पाउच 25 और 10 रुपए का पाउच 15 रुपए में बेचा जा रहा है। शहर भर से शिकायतें आने पर एसडीएम अतेंद्रसिंह गुर्जर पुलिस बल के साथ एसपी कोठी के पास पहुंचे। यहां एक गोदाम से दो बोरा पाउच बरामद किए। इसके बाद नौहरीकला स्थित एक गोदाम पर छापा मारा। यहां भारी मात्रा में पान मसाला व जर्दे के पाउचों का जखीरा मिला। जिला खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी जितेंद्र राणा ने बताया कि नकली माल की आशंका के चलते उक्त सामग्री का सैंपल लेकर जांच के लिए भोपाल लैब भेज रहे हैं। तब तक उक्त स्टॉक की बिक्री पर रोक लगा दी है।
17500 रुपए का पाउच का बोरा 22 हजार में बिक रहा
एक दुकानदार ने नाम छापने की शर्त पर बताया कि शिवपुरी शहर में पान मसाला व जर्दा पाउच का जो बोरा पहले 17500 रुपए में मिलता था, वही आज थोक व्यापारी 22 से 25 हजार रुपए में बेच रहा है। क्योंकि लॉक डाउन में आवश्यक वस्तुओं के अलावा दूसरी सामग्री की बिक्री पर रोक है। ऐसे में गुटखा पाउच ब्लैक में बेचा जा रहा है।
व्यापारी बोला- मेरी गैरमौजूदगी में माल उठाया
शुभांगी ट्रेडर्स के संचालक दीपक रमले निवासी महल कॉलोनी शिवपुरी का कहना है कि बाजार में नकली रायश्री बिक रही है। हमने 17 मार्च को माल मंगाकर 21 मार्च तक बांट दिया था। लॉक डाउन के कारण शेष माल गोदाम में रखा था। मेरी गैर मौजूदगी में प्रशासन ने माल जब्त किया है। इस मामले को लेकर कोर्ट जाऊंगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/shivpuri/news/gutkha-and-tobacco-sold-at-grocery-stores-under-the-guise-of-ration-127151138.html
No comments:
Post a Comment