Friday, April 17, 2020

जिस डायमंड कॉलोनी में किराना व्यापारी को क्वारेंटाइन किया वहीं बड़वानी से परिवार को 4 दिन पहले ले आया बैंक मैनेजर

शहर में बिना अनुमति कोरोना संक्रमित क्षेत्र से आने वाला एक और मामला शुक्रवार को सामने आया। गुरुवार को ऐसे दो मामले आए थे। उदयगढ़ से परिवार को लेकर डायमंड कॉलोनी किराए के घर में आए किराना व्यापारी को होम क्वारेंटाइन किया गया था। शुक्रवार को इसी कॉलोनी में एक और परिवार को क्वारेंटाइन किया। ये यहां बंधन बैंक के मैनेजर का परिवार है। मैनेजर अपनी कार से चार दिन पहले बड़वानी से पत्नी, बच्चों को ले आए थे।
पुलिस ने बैंक मैनेजर, किराना व्यापारी और राजस्थान के कुशलगढ़ के पास से पत्नी बच्चों को लेकर आए हुड़ा क्षेत्र के पेंटर पर मामला दर्ज कर लिया है। बैंक मैनेजर का परिवार डायमंड कॉलोनी में किराए के मकान में रहता है। कॉलोनी वालों ने गुरुवार की कार्रवाई के बाद प्रशासन को सूचना दी। सुबह अफसरों के साथ पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के लोग पहुंचे। घर के बाहर क्वारेंटाइन की सूचना लगाई और सभी को हिदायत दी गई कि किसी स्थिति में घर से नहीं निकले। बीमार होने या कोरोना संक्रमण के लक्षण दिखने पर फौरन जांच कराएं।
व्यवस्था पर सवाल : टोटल लॉकडाउन, आलीराजपुर जिले में कर्फ्यू और सीमाओं पर चौकसी के बावजूद बिना अनुमति के लोगों का यहां तक आ जाना सवाल खड़े कर रहा है। बीते एक सप्ताह में ऐसे 6 से ज्यादा मामले दर्ज हो चुके हैं। इसके बावजूद ये संक्रमित क्षेत्रों से झाबुआ पहुंच रहे हैं। जिले में अभी तक एक भी संक्रमित नहीं मिला है। लेकिन ये आवाजाही नहीं रुकी तो खतरा बना हुआ ही है।

10 के 14 ओर 15 तारीख के भेजे 4 सैंपल की रिपोर्ट आई, सभी निगेटिव
शुक्रवार को कोरोना सैंपल की 18 और रिपोर्ट आ गई। 10 अप्रैल को भेजे गए 53 सैंपल में से 14 और 15 तारीख के 4 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 110 से ज्यादा सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है। इनमें से कुछ 7 तारीख से बाकी है। रिपोर्ट नहीं आने से आइसोलेशन में भर्ती किए गए संदिग्धों को वहीं रखना पड़ रहा है। अब परेशानी से बचने के लिए स्वास्थ्य विभाग बाहर से आने वालों के सैंपल भी नहीं ले रहा। उन्हें सिर्फ क्वारेंटाइन किया जा रहा है। उनमें लक्षण दिखने के बाद ही सैंपल लिए जाएंगे। 10 अप्रैल के जिन संदिग्धों की रिपोर्ट मिली, उनमें मेघनगर क्षेत्र के टीबी मरीज की भी रिपोर्ट है। उसे लेकर स्वास्थ्य विभाग के लोगों को चिंता भी थी। रहवासी भी डरे हुए थे। इसके अलावा फील्ड ड्यूटी पर लगे जिला स्वास्थ्य अधिकारी की रिपोर्ट भी निगेटिव मिली। उनके सैंपल रेंडम आधार पर लिए गए थे।

बाइक से दाहोद जा रहे रेलवे कर्मचारी को गिरफ्तार किया
गुजरात सीमा से लगे तांदलादरा चैक पोस्ट पर बाइक से मेघनगर से गुजरात के दाहोद जा रहे रेलवे के कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया है। एसपी विनीत जैन ने बताया, बाइक से जा रहे युवक को रोककर पूछताछ की गई तो उसके पास किसी तरह की अनुमति नहीं थी। उसकी पहचान पवन पिता माणकलाल बंजारा निवासी जीवत ज्योति रोड मेघनगर के रूप में हुई। उसने बताया, वो रेलवे में दाहोद में मैकेनिकल हेल्पर के पद पर कार्यरत है। पवन की बाइक जब्त कर आपदा प्रबंधन अधिनियम की धाराओं में प्रकरण बनाया गया।

कोरोना संक्रमित जिलों की लिस्ट में झाबुआ के नाम से भोपाल के अफसर नाराज, बोले फौरन सुधरवाएं गलती

चार दिन पहले कोराेना पॉजिटिव में गुजरात के दाहोद की रहने वाली और इंदौर में इलाज करा रही एक साल की बच्ची का नाम आया। गलती ये हो गई कि ये नाम झाबुआ जिले के तौर पर सरकारी लिस्ट में लिख दिया गया। तबसे प्रदेश के संक्रमित जिलों की सूची में झाबुआ का एक केस बता रहा है। इसे लिस्ट से नहीं हटाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग के भोपाल के अफसरों ने नाराजगी जताई।
यहां के अफसरों को फोन पर कहा कि नाम हटवाएं। इसके बाद एक बार फिर बच्ची के परिवार वालों से बात कर रिपोर्ट भोपाल भेजी गई।
दरअसल, बच्ची का परिवार दाहोद का रहने वाला है। उसका ननिहाल इंदौर में है। वो मां के साथ नाना के घर गई थी। नाना की कोरोना संक्रमण से मौत हो चुकी है। बीमार बच्ची को अरबिंदो अस्पताल में भर्ती किया गया था। चार दिन पहले रिपोर्ट पॉजिटिव आई। चूक का कारण ये रहा कि जब नाम, पता लिखा गया तो दाहोद के साथ झाबुआ जिला लिख दिया गया। रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो झाबुआ का नाम आ गया। तब भी यहां के अफसरों ने परिवार वालों से बात की। परिवार वालों ने झाबुआ से कोई कनेक्शन होने से इंकार किया। ये बात भोपाल बता भी दी गई, लेकिन नाम नहीं हटा।

दाहोद की रहने वाली एक साल की बच्ची का नाम है पॉजिटिव की लिस्ट में झाबुआ जिले के मरीज के तौर पर

होना ये चाहिए : जो लिस्ट स्वास्थ्य संचालनालय बना रहा है, उसमें इस बच्ची का नाम अन्य राज्यों के संक्रमितों में लिखना चाहिए। अब ये कोशिश फिर से शुरू की गई। बच्ची के पिता से फिर बात की तो उन्होंने पूरा ब्यौरा दिया। इसके बाद सीएमएचओ बीएस बारिया ने इंदौर में अरबिंदो अस्पताल मैनेजमेंट, सीएमएचओ इंदौर सहित दूसरे लोगों से बात कर जानकारी दी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
In the diamond colony where the grocery merchant was quarantined, the bank manager brought the family from Barwani 4 days ago.


source https://www.bhaskar.com/local/mp/indore/jhabua/news/in-the-diamond-colony-where-the-grocery-merchant-was-quarantined-the-bank-manager-brought-the-family-from-barwani-4-days-ago-127189221.html

No comments:

Post a Comment