20 अप्रैल से मोबाइल, लैपटॉप, टीवी, रेफ्रिजरेटर, कूलर, एसी, रेडिमेड गारमेंट और स्कूली बच्चों के लिए स्टेशनरी सामान बेचने के लिए ई-कॉमर्स कंपनियों को छूट दी जाएगी।ये काम उन इलाकों में हो पाएगा, जो कोरोना के हॉटस्पॉट नहीं हैं, लेकिन सरकार के इस निर्णय से स्थानीय व्यापारी नाराज हैं। उनका कहना है, हमारा लाखों का स्टॉक रखा है। सरकार को कंपनियों की बजाय लोकल व्यापारियों के बारे में सोचना चाहिए। हम पूरी सावधानी और सुरक्षा के साथ होम डिलीवरी कर सकते हैं। जबकि ऑनलाइन सामान बाहर से आने से संक्रमण का खतरा और बढ़ेगा ही। अकेले झाबुआ शहर में इलेक्ट्रॉनिक सामान की 200 से ज्यादा बुकिंग पेंडिंग है।
इलेक्ट्रॉनिक व्यापारियों की परेशानी
इलेक्ट्रॉनिक व्यवासायी संजय शाह ने बताया, इसे लेकर कलेक्टर से चर्चा की है। उन्होंने 20 तारीख तक रुकने के लिए कहा है। हमारी मांग है कि पहले लोकल व्यापारियों को प्राथमिकता देना चाहिए। ज्यादातर ऐसे हैं, जिनका स्टॉक रखा रह गया तो वो नुकसान से उबर नहीं पाएंगे। हम व्यापारी सीधे तौर पर इस निर्णय का विरोध करते हैं। सरकार को इस निर्णय पर विचार करना चाहिए। मेरी डायरी में 70 बुकिंग है। सबसे कहा है, जब प्रशासन की ओर से छूट मिलेगी, तभी सामान देंगे।
व्यापारी मनीष यादव ने कहा, 40 से 50 बुकिंग 20 दिन से पेंडिंग है। लोग कूलर, पंखे, एसी, फ्रिज और डीटीएच के साथ एलईडी मंगवा रहे हैं। हमारे पास स्टॉक है, लेकिन लॉक डाउन का पालन करते हुए सबको रुकने का कह रहे हैं। अगर ऑनलाइन सामान आने लगा तो बड़ा नुकसान होगा। रतलाम में संक्रमण है, फिर भी कुछ शर्तों के साथ छूट दी गई है।
स्टेशनरी वाले
यही परेशानी स्टेशनरी व्यापारियों की भी है। वो भी कहते हैं, हम भी होम डिलीवरी दे सकते हैं। एक महीने से ज्यादा समय से सामान दुकानों-गोदामों में रखा है। इसके बावजूद होम डिलीवरी देने के पहले उसे सैनिटाइज करेंगे और मास्क-ग्लव्स पहनकर देने जाएंगे। लेकिन ऑनलाइन को छूट देना गलत है। विकास कटारिया ने कहा, सरकार व्यापार की छूट दे रही है तो हमें भी मिले।
बढ़ती भीड़ के कारण अब बैंकों का समय सुबह 8 से 12 बजे तक
खातों से पैसे निकालने के लिए तीन दिन से बैंकों और कियोस्क सेंटरों पर भीड़ बढ़ती जा रही है। गांवों से लोग सुबह 5 या 6 बजे से आ रहे हैं। इसे देखते हुए अब जिले में बैंकों का समय कम कर दिया गया है। बैंकों में पैसों का लेनदेन सुबह 8 से दोपहर 12 बजे तक ही किया जा सकेगा। शहर की थोक सब्जी मंडी अब पाॅलिटेक्निक कॉलेज मैदान में लगेगी।
कलेक्टर के आदेश अनुसार बैंक लेनदेन सुबह के 4 घंटे कर पाएंगी। लीड बैंक मैनेजर ने बताया सुबह 10 बजे तक बैंक आए लोगों को टोकन दिए जाएंगे। जिनके पास टोकन होंगे, वे ही लेनदेन कर पाएंगे।
बैंकों के कर्मचारियों और अफसरों के अप-डाउन करने की शिकायत के बाद कलेक्टर ने आदेश जारी किए कि सभी को मुख्यालय पर रहना होगा। ऐसा नहीं किया तो कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने कृषि उपज मंडी परिसर में चल रही थोक सब्जी मंडी का स्थान बदलने के आदेश दिए। उन्होंने बताया, इसके लिए सब्जी व्यापारियों ने ही सुझाव दिया था।
मुंबई पालघर से शव लेकर ग्रामीणों ने कर दी अंत्येष्टि
यहां से 2 किमी दूर स्थित ग्राम मातासुला की एक लड़की की मौत पालघर मुंबई में हो गई। परिजन 550 किमी की दूरी तय कर शव वाहन में शव लेकर आ गए। शुक्रवार को लड़की की अंत्येष्टि हो गई। सूचना पर प्रशासन ने 7 लोगों को क्वारेंटाइन सेंटर भेजा।
ग्राम माचलियाझर के लोग पालघर मुंबई गए हुए थे। बहन के छोटे बच्चों को संभालने के लिए ग्राम मातासुला की ये लड़की भी गई हुई थी। गुरुवार को उसकी मौत हो गई। परिजन शव लेकर रात में मातासुला आ गए। सुबह बीएमओ डॉ. जीएस चौहान ने डॉ. राजेश बारिया व टीम को गांव में भेजा। पूछने पर घरवालों ने बताया 3 लोग ही आए हैं। गांव वालों से पता चला 7 लोग आए हैं यहां 2 लोग हैं जबकि 5 माचलियाझर चले गए। सातों की जांच कर उन्हें कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय छात्रावास में क्वारेंटाइन किया गया।
9 सैंपल लिए : बीएमओ डॉ. चौहान ने बताया शुक्रवार को 9 सैंपल भेजे गए हैं। इसमें 3 अधिकारी, बीआरसी के यहां दूध देने वाला व आरओ पानी सप्लायर शामिल हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/indore/jhabua/news/pending-more-than-200-electronic-orders-giving-discounts-to-online-what-will-happen-to-small-traders-127189232.html
No comments:
Post a Comment