Wednesday, January 1, 2020

स्टार रेटिंग के लिए गुपचुप होने लगा सर्वे, रहवासियों से ले रहे फीडबैक

रतलाम. सफाई की फाइनल परीक्षा शुरू होने के चार दिन पहले गार्बेज फ्री सिटी (जीएफसी) के तहत स्टार रेटिंग का सर्वे शुरू हो गया है। कंटार डाटा इनसाइड एंड कंसल्टेंसी कंपनी की 7 से 8 लोगों की टीम हर वार्ड में जाकर डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन गाड़ियों द्वारा कचरा उठाव और गंदगी की स्थिति देख रही है।


टीम ने थावरिया बाजार क्षेत्र में लंबी गली, जूनी कलाल सेरी, रामदेवजी घाट आदि क्षेत्रों में सर्वे किया। लोकेशन के अनुसार टीम सदस्यों ने सड़क, नाली, कचरा स्थान के फोटो लेकर ऑनलाइन अपलोड किए। साथ ही रहवासियों से फीडबैक लेकर उनके फोटो भी लिए।


6000 अंकों का फाइनल सर्वे 4 जनवरी से होगा
स्वच्छ भारत अभियान के तहत स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 दो दिन बाद 4 जनवरी से शुरू होकर 31 जनवरी तक चलेगा। 6000 अंकों के सर्वे में 1500 सेवा स्तर प्रगति, 1500 प्रमाणीकरण, 1500 डायरेक्ट आब्जर्वेशन और 1500 पब्लिक फीडबैक के हैं। बीते साल 5000 अंक में से 3116 मिले थे, जिससे देश में 62वीं रैंक बनी थीं।


जागरूकता के लिए लोगों को जिंगल सुनाएगा निगम
जागरूकता के लिए निगम ने 1.56 मिनट की जिंगल तैयार की है। इसमें सोना, सेव का हवाला लेकर अब सफाई में भी शहर का नाम चमकाने के लिए नागरिकों से सहयोग के लिए आगे आने का आह्वान किया गया है।


2500 नागरिकों से फीडबैक लेने की शुरुआत
चार से पांच दिन तक चलने वाले सर्वे में टीम लगभग 2500 नागरिकों से फीडबैक लेगी। बता दें कि जीएफसी के तहत निगम ने इस साल 5 स्टार रेटिंग का दावा किया है। बीते साल थ्री स्टार का दावा किया था, सर्वे के बाद टू स्टार रेटिंग मिली थी। इस बार दावे के अनुसार रेटिंग मिल गई तो फाइनल सर्वे में 1000 अंक बढ़ जाएंगे।


सख्त हिदायत : टीम के सदस्य निगम नहीं जाएंगे
सर्वे का काम गुपचुप किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि सरकार की तरफ से ही टीम को सख्त हिदायत है कि वे न तो निगम को सूचना देंगे, न वहां जाएंगे। यही वजह है कि निगम के अफसरों को भी सर्वे के बारे में पुख्ता जानकारी नहीं मिल पा रही है।


ओडीएफ डबल प्लस में पास
ओडीएफ, ओडीएफ प्लस के बाद अब निगम को ओडीएफ डबल प्लस का तमगा मिल गया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने इसकी मौखिक जानकारी दे दी है। जल्द सर्टिफिकेट पहुंच जाएगा। इससे 6000 अंकों वाले मुख्य सर्वे में 500 अंक पक्के हो गए हैं। 1500 अंकों के प्रमाणीकरण वाले घटक का दूसरा हिस्सा जीएफसी सर्वे है। इसमें भी निगम पास हो गया तो पूरे 1500 अंक पक्के हो जाएंगे।




Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
थावरिया बाजार में महिला से फीडबैक लेते टीम सदस्य।


source https://www.bhaskar.com/mp/ratlam/news/survey-started-being-secretly-for-star-rating-getting-feedback-from-residents-126411271.html

No comments:

Post a Comment