Sunday, December 29, 2019

दो मृत व्यक्तियों के फर्जी दस्तावेज बनाकर बैंक से निकाला 14.74 लाख रुपए का कर्ज, चार को किया गिरफ्तार

बुरहानपुर .दो मृत व्यक्तियों के फर्जी दस्तावेज बनाकर बैंक से कृषि भूमि पर कर्ज लेने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा शाहपुर की बैंक ऑफ बड़ौदा से दोनों मृतकों के नाम पर 14.74 लाख रुपए का ऋण लिया था। आधार कार्ड बनाते समय अपडेट किए गए मोबाइल नंबर से पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा है।
बैंक से करीब 6 महीने पहले छोटेलाल पिता गजमल जैन निवासी दौलतपुरा के नाम से 9.45 लाख रुपए और रूमसिंह पिता अनसिंह ठाकुर के नाम से 5.29 लाख रुपए का ऋण लिया गया था। इसमें दिए गए सभी दस्तावेज भी असली थी। 15 अक्टूबर 2019 को छोटेलाल के बेटे अजीत जैन ने शाहपुर थाना पुलिस को फर्जी ऋण निकाले जाने की शिकायत की थी। बैंक से जानकारी लेने के बाद छोटेलाल और रूमसिंह के नाम से ऋण निकालने की बात सामने आई। पुलिस ने मामले में धारा 419, 420, 404, 120 बी और 34 भादंवि के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के बाद आरोपी सुभाष चौहान निवासी सुंदर नगर, नईम मोहम्मद पिता शेर मोहम्मद निवासी खंडवा, मुनेश उर्फ मनीष पिता हजारी निवासी काटाफोड़ जिला देवास और शंकर पिता छन्नूलाल कोरकू निवासी डोमरी, हरदा को गिरफ्तार किया।


पूरे मामले में मास्टर माइंड सुभाष चौहान है। खंडवा के नईम मोहम्मद के साथ मिलकर पूरी वारदात काे अंजाम दिया। सुभाष ने पहले मृत व्यक्तियों के खसरे निकाले। फिर देवास और हरदा से दो ऐसे आदिवासी युवकों को पकड़कर लाए, जिनके आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज नहीं बने थे। यहां दोनों के फर्जी आधार कार्ड, पेन कार्ड, राशन कार्ड और वोटर आईडी तैयार कर ली। फर्जी दस्तावेज बैंक में देकर ऋण निकाल लिया।

मोबाइल नंबर से पकड़ाए आरोपी
शाहपुर थाना प्रभारी जितेंद्रसिंह यादव ने बताया शिकायत मिलने के बाद आरोपियों की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती थी। बैंक में जमा दस्तावेजों की जांच के बाद पुलिस ने आधार कार्ड पर अपडेट मोबाइल नंबर निकाले। यह नंबर सुभाष और नईम के थे। पुलिस ने इनकी कॉल डिटेल निकाली और आरोपियों तक पहुंच गई। चारों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर रविवार को जिला न्यायालय में पेश किया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सुभाष ने कई अन्य बैंकों में भी फर्जी दस्तावेज जमा कर ऋण निकाला है। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
पुलिस ने पकड़ गए आरोपियों को न्यायालय में पेश किया।


source https://www.bhaskar.com/mp/khandwa/news/1474-lakh-rupees-loan-taken-out-of-bank-by-making-fake-documents-of-two-dead-persons-four-arrested-126407195.html

No comments:

Post a Comment