Saturday, November 23, 2019

सरकार बनते ही कांग्रेस ने राशि वापस बुलाई- सांसद केंद्र के राशि रोकने से बंद हुआ काम- विधायक

भास्कर संवाददाता | भग्यापुर

भगवानपुरा क्षेत्र के अनकवाड़ी से बड़वानी जिले के सेंधवा तक 76 किलोमीटर तक बनने वाली सीमेंटीकृत सड़क का काम एक साल से बंद है। निर्माण कंपनी ने जिले के अंतर्गत आने वाली सड़क की खुदाई भी कर दी। इससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। वहीं जनप्रतिनिधि एक-दूसरे की सरकारों को इसके लिए जिम्मेदार बता रहे हैं। केंद्र में सांसद गजेंद पटेल ने कहा कि सरकार बनते ही राशि वापस बुला ली है। जबकि विधायक केदार डावर ने कहा केंद्र की भाजपा सरकार ने राशि रोक दी है। इसके चलते काम बंद है।

निर्माण को लेकर अफसरों का कहना है काम जल्द शुरू करवाया जाएगा। करीब 160 करोड़ रुपए से सड़क निर्माण का काम सितंबर 2017 में शुरू हुआ था। शुरुआती दौर में कंपनी ने दिन-रात काम किया। अनकवाड़ी से धूलकोट तक लगभग पूरी सड़क की अलग-अलग समय पर खुदाई की गई। कुछ जगह पर सीमेंटीकरण भी किया गया। सड़क खुदाई से लोगों को परेशानी हुई लेकिन जल्द काम पूरा होने की उम्मीद भी थी लेकिन विधानसभा चुनाव के दाैरान अक्टूबर 18 में सड़क का काम बंद हो गया, जो प्रदेश में सरकार बनने के एक साल बाद तक भी बंद है।

विस चुनाव की अादर्श आचरण संहिता की वजह से अक्टूबर-18 में सड़क का निर्माण हो गया था बंद

उड़ रहे धूल के गुबार, हादसे भी बढ़े

सड़क की खुदाई होने से वाहन निकलने के दौरान धूल के गुबार उड़ रहे हैं। गांव के दिनेश सोनी, जाहिर बेग, शंकर मालवीया व सादिक अली ने कहा- भगवानपुरा रोड पर पुल के पास सीसी रोड का काम छोड़ दिया है। आगे सीसी रोड की एक ही पटरी बनी है। संकेतक भी नहीं लगाए है। दोपहिया वाहन चालक कच्चे रोड से सीसी रोड पर आने के दौरान हादसों का शिकार हो रहे हैं। शुक्रवार को ट्रैक्टर ट्राली ढलान के बाद खुदी सड़क पर अनियंत्रित होकर पलट गई। बाड़ी खुर्द के राकेश कुमावत, मनीष कुमावत व सदाशिव गौरी ने कहा वाहनों के निकलने के दौरान गिट्‌टी उड़कर लगने से विवाद की स्थिति बन रही है। सड़क की खुदाई उतनी ही करना थी, जितनी समय पर बन जाए। जितेंद्र मंडलोई व विजय मंडलोई ने कहा- सबसे ज्यादा परेशानी छोटे वाहन चालकों को होती है। जननी सुरक्षा वाहन को भग्यापुर से बिस्टान 9 किमी जाने में एक घंटे का समय लग रहा है। व्यापारी राहुल गुप्ता व सुभाष गुप्ता ने कहा सड़क बनने से सेंधवा व महाराष्ट्र से व्यापार शुरू होने की उम्मीद थी।

पुल के पास खुदाई के बाद सीसी रोड नहीं बनाया। गड्‌ढे में वाहन चालक गिर रहे।

धूलकोट से रामगढ़ी तक खुदाई भी नहीं

अधिकारी जिले में काम बंद रहने के दौरान बड़वानी में काम चलने की बात कह रहे हैं लेकिन सच्चाई यह है कि जिले के धूलकोट से बड़वानी के रामगढ़ी तक 32 किमी में अब तक पूरी खुदाई भी नहीं हुई है। करीब दो माह पहले भगवानपुरा में आयोजित आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों ने विधायक के माध्यम से कलेक्टर को सड़क की स्थिति बताई थी। कलेक्टर ने एमपीआरडीसी विभाग से चर्चा कर निराकरण की बात कही। लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हुआ।

काम शुरू करवाने के लिए लिखूंगा पत्र

प्रदेश की शिवराज सरकार के समय सड़क का काम चालू हुआ था। प्रदेश में सरकार बनते ही कांग्रेस ने पूरी राशि वापस बुला ली और काम बंद हो गया। पत्र लिखूंगा। - गजेंद्र पटेल, सांसद

इस सप्ताह शुरू हो जाएगा सड़क का काम

केंद्र सरकार के राशि रोकने से काम बंद था। कंपनी कर्मचारी प्लांट पर आ गए हैं। इस सप्ताह सड़क का काम शुरू हो जाएगा। - केदार डावर, विधायक भगवानपुरा

बड़वानी में काम चल रहा था

पिछले 15 दिनों से बड़वानी जिले में सड़क का काम चल रहा था। जल्द भग्यापुर व बिस्टान के बीच भी काम चालू हो जाएगा। - श्याम गुप्ता, सहायक प्रबंधक, एमपीआरडीसी

दोनों जिलों में जल्द काम होगा

एमपीआरडीसी के अधिकारियों से बात हुई है। बड़वानी के चाचरिया और जिले के अनकवाड़ी से धूलकोट तक सड़क का बचा हुआ काम इस सप्ताह में शुरू होना बताया है। - गोपालचंद डाड, कलेक्टर



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Bistan News - mp news congress called back the amount as soon as the government was formed mp center stopped work due to blocking the amount mla


source https://www.bhaskar.com/mp/khargon/news/mp-news-congress-called-back-the-amount-as-soon-as-the-government-was-formed-mp-center-stopped-work-due-to-blocking-the-amount-mla-065605-6014379.html

No comments:

Post a Comment