इमामी गेट पर भाजपा के भोपाल जिला कार्यालय के नवनिर्मित भवन के लोकार्पण समारोह के बाद रॉयल मार्केट चौराहे पर लंबा जाम लग गया। ताजुल मसाजिद से शहर की ओर आने वाले वाहन करीब आधे घंटे तक इस जाम में फंसे रहे। कार्यक्रम शुरू होने से पहले तक ट्रैफिक काफी हद तक नियंत्रित था, लेकिन समाप्त होने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के काफिले के लिए रॉयल मार्केट पर तीन तरफ से ट्रैफिक रोका गया।
सीएम के काफिले के निकलने के बाद स्थिति बिगड़ गई। आम जन और कार्यक्रम में शामिल होने आए भाजपा कार्यकर्ता दोनों ही यहां जाम में फंसे रहे। इसके पहले मुख्यमंत्री ने अरेरा हिल्स पर शौर्य स्मारक के पास पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस स्थल पर अटलजी के जीवन चरित्र को दर्शाया गया है।
योजना क्रियान्वयन के लिए हर वार्ड में होंगी दीनदयाल समितियां
सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए भाजपा हर वार्ड में दीनदयाल समितियां बनाएगी। हर समिति में 11 कार्यकर्ता होंगे। जिला कार्यालय के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने यह बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता गरीबों के कल्याण के लिए चल रही सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में भागीदार बनें। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस, कमलनाथ और कोरोना ने मप्र का कबाड़ा कर दिया। कार्यक्रम को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने भी संबोधित किया।
पहली पंक्ति में जगह नहीं मिलने से नाराज सांसद कार्यक्रम में शामिल नहीं हुईं
मुख्यमंत्री चौहान के कार्यक्रम स्थल पर आने से पहले भोपाल सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर नाराज होकर कार्यक्रम स्थल से रवाना हो गईं। सांसद मंच पर पहुंचीं, जैसे ही उन्हें पता चला कि उनकी कुर्सी पीछे की पंक्ति में है,वे नाराज होकर कार्यक्रम स्थल से रवाना हो गईं।
पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता, प्रदेश महासचिव भगवानदास सबनानी, जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी ने उन्हें मनाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं मानीं। संगठन महामंत्री सुहास भगत और सह संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा भी इस दौरान वहीं मौजूद थे। नेताओं का कहना था कि यदि वे रुकतीं तो कोई भी पदाधिकारी उनके लिए स्वत: कुर्सी छोड़ देता।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/bhopal/news/bjp-district-office-inaugurated-jam-in-royal-market-vehicles-stuck-for-half-an-hour-128052618.html
No comments:
Post a Comment