Friday, December 4, 2020

गौरी सरोवर के किनारे सड़क पर लगी मीट की दुकानें फिर हटवाईं; सीएमओ बोले- अभी हटवा रहे दुकानें, अगर नहीं माने तो हाेगी एफआईआर

नगर पालिका द्वारा शुक्रवार को सुबह शहर में गौरी सरोवर किनारे सड़क पर लग रही मीट मंडी को दुकानों को हटवाया गया। इसके साथ ही दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि अगर अब सड़क पर दुकानें लगाई गई तो न केवल सामान जब्त किया जाएगा बल्कि एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। दुकानदारों का कहना था कि मीट मंडी परिसर छोटा पड़ने लगा है इसमें दुकानें कम हैं और कारोबार करने वालों की संख्या बढ़ गई है। इसलिए कहां कारोबार किया जाए इसके लिए जगह बताई जाए। तब सीएमओ ने कहा कि मंडी के लिए निर्धारित जगह में ही कारोबार करो।

यहां बता दें शहर में नयापुरा के निकट गौरी सरोवर रोड पर मीट मंडी काफी समय चल रही है लेकिन पिछले कुछ सालों की तक इसकी दुकानें मंडी के लिए बनवाई गई चहारदीवारी में लगती थीं लेकिन अब काफी समय से कई दुकानदार सड़क पर कारोबार करने लगे हैं। गौरी सरोवर तट पर प्रसिद्ध मंदिरों के होने से बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन इस सड़क से आते- जाते हैं। इन लोगों को आते- जाते वक्त सड़क पर मीट, मछली, अंडे की दुकानें सजी होने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसको लेकर प्रशासन का ध्यान समय- समय पर सामाजिक और धार्मिक संगठन कराते रहे हैं। पिछले महीनों भी सड़क से दुकानें हटवाई गई थीं लेकिन कुछ दिनों बाद दुकानें फिर जहां की तहां लगने लगी।

मीट मंडी के आसपास उड़ती रहती है दुर्गंध
गौरी सरोवर के किनारे लगने वाली मीट मंडी की दुकानें सड़क के किनारे लगने से इसके आसपास के क्षेत्र में दिन-रात दुर्गंध उड़ती रहती है। इतना ही नहीं कारोबारी खुलेआम मास काटते और बेचते हुए भी दिखाई देते हैं। इनके इसी कृत्य पर लोगों को आपत्ति है। मंदिर आने- जाने वाले कहते हैं कि सड़क किनारे लगी दुकानों पर मांस का काटने के लिए दौरान बच्चे तो डर जाते हैं। मांस की भांति ही मछली और अंडे की दुकानें सजाई जा रही हैं।

खुले में रखकर नहीं बिकना चाहिए मांस
बेशक हर कोई मांसाहारी नहीं है पर जो लोग मांसाहारी हैं उनके स्वास्थ्य के लिए भी खुले में रखकर बेची जा रही मांस, मछली आदि सामग्री घातक साबित हो सकती है। सड़क पर खुलेआम रखी सामग्री पर दिन भर उड़ने वाली धूल भी होती रहती है। कोविड- 19 के दौरान तो संक्रमण फैलने का अंदेशा उत्पन्न हो गया है। इसके बाद भी कारोबारियों द्वारा न तो सड़क पर दुकानें लगाना बंद किया जा रहा है और न ही सामग्री को ढंककर ही रखा जा रहा है।

सुबह हटाईं दुकानें, शाम को फिर से सज गईं
सीएमओ व एचओ के नेतृत्व में नगर पालिका अमले ने सड़क पर लगी मीट की दुकानों को हटवा दिया लेकिन शाम के समय दुकानें फिर लगी हुई दिखाई दीं। इस पर नागरिकों की प्रतिक्रिया यह थी कि प्रशासन को मीट मंडी को लेकर सख्त कार्रवाई की जाना चाहिए। अन्यथा इस इलाके में किसी दिन कोई बड़ी घटना घटित हो सकती है। क्योंकि मीट का कारोबार करने वाले सड़क पर कारोबार करने से बाज नहीं आएंगे और कोई आपत्ति करेगा तब विवाद बढ़ जाएगा।

सड़क पर नहीं करने देंगे कारोबार
मीट मंडी सड़क पर नहीं लगने देंगे। अगर लोगों ने फिर दुकानें लगाई हैं तो इन्हें हटवाया जाएगा। अबकी बार चेतावनी दिए अनुसार एफआईआर भी कराई जाएगी। सुरेंद्र शर्मा, सीएमओ



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
सड़क लगी मीट की दुकाने हटवाते नपा सीएमओ।


source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/bhind/news/meat-shops-on-the-road-along-gauri-sarovar-were-removed-cmo-said-shops-are-being-removed-right-now-if-not-accepted-then-fir-will-be-done-127978893.html

No comments:

Post a Comment