भाजपा कोर ग्रुप की बैठक शनिवार को प्रस्तावित की गई है। इसमें पहली बार प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, सह प्रभारी पंकजा मुंडे व बिश्वेस्वर टुडू भी शामिल होंगे। तीनों नेता शनिवार से सीहोर में शुरू हो रहे जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण वर्ग में भी शामिल होंगे।
इसके बाद शाम को कोर ग्रुप की मीटिंग होगी। कहा जा रहा है कि संगठन और सरकार के पदों पर राजनीतिक नियुक्तियों के साथ मंत्रिमंडल विस्तार व विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव पर भी बात हो सकती है। केंद्रीय मंत्रियों के साथ राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के भी आने की संभावना है।
सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया भी भोपाल में रहेंगे। सिंधिया की मौजूदगी को लेकर पार्टी नेताओं का कहना है कि नियुक्तियों से जुड़े चारों अहम मसलों के साथ निकाय चुनाव जल्दी कराए जाने या देर करने के बारे में भी चर्चा होगी। रविवार को भाजपा विधायक दल की बैठक भी सीएम निवास में रखी गई है।
शीतकालीन सत्र के बाद घोषित हो सकती है टीम
संगठन में नियुक्तियों को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की मुरलीधर राव के साथ राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष से चर्चा हो चुकी है। ऐसे संकेत हैं कि विधानसभा के शीतकालीन सत्र के बाद वीडी अपनी टीम की घोषणा कर सकते हैं।
विधानसभा अध्यक्ष के दावेदारों पर बात
पार्टी सूत्रों का कहना है कि विधानसभा अध्यक्ष पद के दावेदारों पर भी बात होगी। इस समय विंध्य क्षेत्र से गिरीश गौतम, पूर्व मंत्री राजेंद्र शुक्ला और केदारनाथ शुक्ला का नाम आगे है। इसके अलावा प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा भी एक उम्मीदवार हैं।
यदि सहमति नहीं बनी तो विकल्प के तौर पर डॉ. सीतासरण शर्मा, नागेंद्र सिंह नागोद, यशपाल सिंह सिसोदिया, राजेंद्र पांडे और अजय विश्नोई आदि के नाम पर भी विचार हो सकता है। उपाध्यक्ष का पद भाजपा आरक्षित वर्ग (अजजा-अजा या ओबीसी) के लिए रखने पर विचार कर रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/bhopal/news/four-issues-can-be-discussed-with-the-post-in-organization-government-128052645.html
No comments:
Post a Comment