Wednesday, November 4, 2020

पांच जोन में खाली प्लॉट पर कचरा फेंक रहे लोग, अब निगम लगाएगा जुर्माना

डोर टू डोर कचरा वाहन आने के बावजूद शहर में खाली प्लॉट पर लोग कचरा फेंक रहे हैं। इसके लिए एनजीओ ने ही प्रेजेंटेशन देकर बताया कि कहां-कहां लापरवाही बरती जा रही है। पांच जोन 1, 2, 11, 12 और 14 की सफाई व्यवस्था की समीक्षा में कचरा फैला मिला। नगर निगम आयुक्त ने सभी को सफाई पुख्ता करने के लिए सात दिन का समय दिया है।

जोन 1, 2, 11, 12 और 14 के वार्डों की सफाई व्यवस्था बताने के लिए एनजीओ के प्रतिनिधियों द्वारा प्रेजेंटेशन दिया गया। इसमें उन्होंने बताया वार्ड में कितने स्थानों पर सफाई की जरूरत है। बहुत से स्थान थे, जहां सीएनडी वेस्ट पड़ा हुआ है। कई इलाकों में घास उग गई है। इस पर निगमायुक्त ने संबंधित जोन के अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी, सीएसआई, दरोगा से पूछा कि सफाई कितने दिनों से नहीं हुई। स्पष्ट निर्देश हैं कि हर वार्ड और बीट में प्रतिदिन सफाई होना ही चाहिए। रहवासी इलाकों में कम से कम एक बार रोज झाड़ू लगे।

सफाई कर्मियों की जिम्मेदारी तय की जाए। जो काम पर नहीं आ रहा है या जहां पर लापरवाही मिल रही है उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। खाली प्लॉट पर कचरे के फोटो देख उन्होंने कहा- जब डोर टू डोर कचरा संग्रहण वाहन से कचरा लिया जा रहा है तो खाली प्लॉट पर कचरा कहां से आ रहा है? ऐसे लोगों को चिह्नित किया जाए और स्पॉट फाइन लगाया जाए। कचरा संग्रहण वाहन खराब हो जाए तो स्पेयर वाहन से पूरे रूट का कचरा लिया जाए, यह सुनिश्चित करें।

​​​​​​​गड्‌ढों का रेस्टोरेशन समय पर हो
जिस भी वार्ड में नर्मदा के जल वितरण के लिए लाइन डालने के लिए खुदाई की गई है, वहां पीएचई के अधिकारियों को रेस्टोरेशन समय पर करवाना है। इसमें लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/local/mp/indore/news/people-throwing-garbage-on-empty-plot-in-five-zones-now-corporation-will-impose-fine-127884549.html

No comments:

Post a Comment