नगर के मुख्य मार्गों पर आवागमन सुगम करने के लिए नगरपालिका अतिक्रमण हटाओ मुहिम चला रही है। इसमें सोमवार को मुख्य मार्ग पर स्थित दुकानों के बाहर अतिक्रमण कर रखे सामान को नपा ने जब्त करने की कार्रवाई की है। साथ ही कई स्थानों पर डाली चूने की लाइन के बाहर रखी बाइक को भी उठा कर रखा गया। इससे दुकानदारों में हड़कंप मच गया। इस कार्रवाई से मुख्य मार्ग से लोगों को गुजरने में राहत मिली। साथ ही मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति नहीं बनी।
नगर पालिका के जल शाखा प्रभारी दीपक आदिवाल ने बताया नगर पालिका सीएमओ एमआर निंगवाल के निर्देश पर शहर के मुख्य मार्ग से अतिक्रमण हटाने की मुहिम चलाई जा रही है। इसके तहत तीन दिन से चूने की लाइन डालकर वाहन अंदर खड़े करने व दुकानों का सामान मार्ग पर रखकर अतिक्रमण न करने की समझाइश दी जा रही थी। चौथे दिन सोमवार को शहर के सुभाष चौक, खरगोन रोड, जवाहर मार्ग, बस स्टैंड पर दुकान के बाहर रखे सामान को जब्त करने की कार्रवाई की गई।
नगरपालिका की अतिक्रमण हटाओ मुहिम का व्यापक तौर पर स्वागत किया है। अतिक्रमण हटाने के दौरान दुकानदारों ने स्वेच्छा से अपने अतिक्रमण हटाए। अतिक्रमण हटाने के बाद नगरपालिका ने सड़क किनारे वाहन पार्किंग करने के लिए लाइन डाली। साथ ही बेतरतीब तरीके से सड़कों पर खड़े दोपहिया वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
त्योहारों के कारण कई दुकानदारों ने अपना सामान सड़कों पर जमा लिया है। इस कारण लोगों को आवागमन में परेशानी आ रही थी। साथ ही चक्काजाम और दुर्घटना की भी स्थिति बन जाए जाती है। इस कारण कई बार वाद-विवाद की भी नौबत आ जाती है। लोगों ने नगरपालिका और पुलिस प्रशासन से नगर के प्रमुख मार्गों और उप मार्गों में फैले अतिक्रमण को सख्ती से हटाने की मांग की है।
यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए बनाएंगे चालान
दीपक आदिवाल ने बताया त्योहारों को देखते हुए अतिक्रमण हटाओ मुहिम चलाई जा रही है। पहले तो समझाइश दी जा रही है लेकिन इसके बाद भी दुकानदार नहीं माने तो सामान जब्त करने के साथ-साथ चालानी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण होने से लोगों को आवागमन करने में समस्या आती थी। इसके कारण यातायात को सुचारू करने के उद्देश्य से आगामी दिनों तक रोजाना यह कार्रवाई जारी रहेगी।
आज होगी पटाखा दुकानों की नीलामी
नगर पालिका द्वारा दीपावाली पर लगने वाली पटाखा दुकानों की बोली लगाकर नीलामी मंगलवार को की जाएगी। दुकानों की नीलामी मंगलवार को सुबह 11 बजे सूत मिल मैदान पर होगी। इसके बाद यहीं पर व्यापारियों को दुकान भी आवंटित की जाएगी। नपा के दीपक आदिवाल ने बताया मंगलवार को सूत मिल मैदान पर पटाखा दुकानों की नीलामी प्रक्रिया होगी।
इसमें दुकानें के व्यापारियों को सुरक्षा रखने के निर्देशों के साथ कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जाएगी। दुकानों की नीलामी प्रक्रिया हर साल की तरह ही बोली लगाकर की जाएगी। इसकी सबसे अधिक बोली रहेगी। उसे दुकान आवंटित की जाएगी।
दोपहर व रात में भी हो रही है सफाई
शहर में अतिक्रमण हटाने के साथ ही दोपहर व रात को भी सफाई अभियान चलाया जा रहा है, ताकि त्योहारों के समय दिनभर हुई गंदगी को तत्काल साफ किया जा सके। सुबह जल्द दुकानें खुलने से समय पर सफाई भी नहीं हो पाती है। इससे दोपहर व रात में विशेष सफाई अभियान चलाकर मुख्य मार्गों को साफ रखने का प्रयास किया जा रहा है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/khandwa/sanavad/news/the-stuff-kept-outside-the-shops-was-seized-by-the-workers-the-bike-kept-outside-the-line-was-also-lifted-127877621.html
No comments:
Post a Comment