Thursday, October 8, 2020

जिले में राशन दुकानों की आकस्मिक जांच करने भोपाल से आई चार टीमें, टीमाें ने हरदा शहरी क्षेत्र और चारखेड़ा में दुकानों का निरीक्षण किया

जिले में संचालित शासकीय राशन दुकानों की आकस्मिक जांच करने के लिए गुरुवार को भोपाल से अधिकारियों की टीम हरदा पहुंची। संयुक्त संचालक खाद्य एसके तिवारी की अगुवाई में आई टीम ने हरदा शहरी क्षेत्र और चारखेड़ा तथा खिड़की वाला क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने स्टॉक रजिस्टर वितरण पंजी पीओएस मशीन की स्थिति देखी।

निरीक्षण टीम में प्रबंधक वेयरहाउस, प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम, जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी आदि शामिल थे। 4 टीमें बनाई गई थीं, एक टीम में तीन तथा शेष तीन टीमों में दो-दो सदस्य शामिल थे। टीम ने रेलवे डबल फाटक के पास स्थित राशन दुकान का निरीक्षण किया। इसके अलावा उप संचालक कृषि के कार्यालय के सामने स्थित राशन दुकान पर भी टीम पहुंची। कम जगह में दुकानों का संचालन होने से स्टॉक का मिलान करने में टीम को असुविधा हुई। कुछ दुकानों पर कोरोना के संक्रमण के कारण लागू लॉकडाउन के बीच आए अनाज का वितरण न होने की बात भी सामने आई।

इधर जागरूक नागरिक डीएस चौहान ने प्रमुख सचिव खाद्य को लिखित शिकायत भेजकर बताया कि शहर में कई जगहों पर महिलाओं के नाम पर आवंटित राशन दुकानों का संचालन दूसरे लोगों द्वारा किया जा रहा है। जिनके द्वारा लॉकडाउन के दौरान आए अनाज का पात्र लोगों को वितरण नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पात्र लोगों को पर्ची जारी न होने का हवाला देकर दुकानदारों ने गरीबों का अनाज ब्लैक में बेचकर मुनाफा कमाया है। इसकी गोपनीय ढंग से जांच कराई जाना चाहिए, दोषियों पर कार्रवाई भी होना चाहिए। इस संबंध में खाद्य आपूर्ति अधिकारी केएस पेन्ड्रो से 9893022004 पर कई बार संपर्क किया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
हरदा। राशन दुकान का निरीक्षण करते हुए अधिकारी


source https://www.bhaskar.com/local/mp/hoshangabad/harda/news/four-teams-from-bhopal-to-conduct-surprise-checks-of-ration-shops-in-the-district-teams-inspected-shops-in-harda-urban-area-and-charkheda-127794585.html

No comments:

Post a Comment