Sunday, October 4, 2020

मुरार में रामलीला की रिहर्सल शुरू, छत्री मैदान के आयोजक जल्द तय करेंगे स्वरूप

राज्य सरकार ने रामलीला और रावण दहन को लेकर नई गाइडलाइन जारी करने के बाद अब शहर के सामाजिक और धार्मिक संगठन इन कार्यक्रमों का स्वरूप दोबारा तय करने के लिए एक राय बनाने में लग गए हैं। मुरार में रामलीला का मंचन दशहरे से किया जाएगा, इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। स्थानीय कलाकारों ने रिहर्सल भी शुरू कर दी है। वहीं छत्री मैदान में होने वाली रामलीला के आयोजक बैठक करने के बाद स्वरूप तय करेंगे। हालांकि यहां भी वृंदावन के कलाकारों से बात की जा रही है। वहीं रावण दहन करने वाली कुछ समितियां अपने पुराने फैसले पर कायम हैं कि आयोजन प्रतीकात्मक ही होगा। लेकिन कुछ समितियां नई गाइडलाइन के बाद फैसले पर पुनर्विचार के बाद ही फैसला लेंगीं।

छत्री मैदान रामलीला का निर्णय बैठक के बाद करेंगे: यहां होने वाली रामलीला के स्वरूप के लिए भी नई गाइडलाइन के बाद मंथन शुरू कर दिया है। आयोजन समिति के महासचिव विमल जैन का कहना है कि एक- दो दिन में बैठक होगी, इसके बाद रामलीला और रावण दहन का स्वरूप तय किया जाएगा।

प्रतीकात्मक रूप से होगा रावण दहन
दीनदयाल नगर के नया दशहरा मैदान में होने वाले रावण दहन का स्वरूप इस बार बदला हुआ होगा। यहां आयोजन करने वाले चेतना मंच के अध्यक्ष दीपक तोमर का कहना है कि रावण दहन के दौरान भीड़ इकट्‌ठी होती और यहां सोशल डिस्टेंसिंग रखना कठिन काम होगा, इसलिए रावण के छोटे पुतले का दहन किया जाएगा। मैदान में पौधराेपण भी होगा।

  • दशहरा उत्सव समिति थाटीपुर के दिनेश दीक्षित का कहना है कि रावण दहन की तैयारी नहीं की है। अगर कार्यक्रम हुआ तो वह छोटे स्वरूप में होगा।
  • लोको युवा समिति के सुनील मराठा का कहना है कि उन्होंने रावण दहन का कार्यक्रम स्थगित करने का फैसला लिया था लेकिन नई गाइडलाइन के बाद फैसले पर पुनर्विचार के लिए बैठक बुलाई है। इसके बाद कार्यक्रम के बारे में तय किया जाएगा।

मुरार में 16 दिन तक होता है रामलीला का मंचन
रामलीला समिति मुरार द्वारा प्रतिवर्ष 16 दिवसीय रामलीला का मंचन किया जाता है। रामलीला के डायरेक्टर अखिलेश उपाध्याय तथा समिति के पदाधिकारी विकास उपाध्याय का कहना है कि 16 दिवसीय रामलीला की शुरुआत दशहरे से कर दी जाएगी। रामलीला में 62 कलाकार रामलीला के मंचन में हिस्सा लेंगे। हालांकि रामलीला मंचन के दौरान इस बात का ख्याल रखा जाएगा कि दर्शकों के लिए सोशल डिस्टेंसिंग से बैठने की व्यवस्था की जाए।

दुर्गा प्रतिमा का ऑर्डर पहले ही दे दिया है, अब इसमें बदलाव नहीं करेंगे
नवरात्र में सरकार ने भले ही छह फीट से ज्यादा की दुर्गा प्रतिमा स्थापित करने और पंडाल का साइज बढ़ाने के निर्देश जारी किए हैं, लेकिन जो लोग पहले ही प्रतिमाओं को ऑर्डर देकर अपनी तैयारी कर चुके हैं। उनके लिए प्रतिमा का साइज बढ़ाना कठिन काम है। अब वह पुरानी गाइडलाइन के अनुसार ही मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित करेंगे। हालांकि अभी कुछ आयोजक प्रतिमा का साइज बढ़ाने की कवायद में लगे हैं।

मां शारदा युवा उत्सव समिति नया संतर के अतुल पांडे का कहना है कि वह पहले ही प्रतिमा का ऑर्डर दे चुके हैं इसलिए अब आयोजन में बदलाव की गुंजाइश नहीं है।
नई सड़क की कैथवाली गली में पंडाल के आयोजक प्रभुदयाल का कहना है वर्तमान में कोरोना संक्रमण की वजह से आयोजन का स्वरूप छोटा ही रहेगा। प्रतिमा का ऑर्डर वह दे चुके हैं ऐसे में अब बदलाव करना संभव नहीं है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
मुरार... रिहर्सल करते कलाकार


source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/news/ramlilas-rehearsal-begins-in-murar-organizers-of-chhatri-maidan-will-soon-decide-the-format-127780614.html

No comments:

Post a Comment