मादक पदार्थों की तस्करी में पकड़े गए बदमाश सलमान लाला और उसके साथी ने विजय नगर थाने से भागने के लिए सोमवार रात 1.50 बजे संतरी को झांसा देना चाहा, लेकिन उनका झूठ पकड़ा गया। मंगलवार को दोनों को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट में दोनों ने पुलिस पर मारपीट करने का आरोप भी लगाया। विजय नगर थाना प्रभारी तहजीब काजी के मुताबिक, सलमान लाला ने थाने के बैरक में बंद अपने एक साथी सिद्धू के साथ मिलकर भागने की साजिश रची थी। आरोपी दो दिन से यहां बंद था।
उसने देखा कि रात में एक संतरी रहता है। उसे झांसा देकर गेट खुलवाएंगे और फिर धक्का देकर भाग जाएंगे। इसके लिए उसने रात को साथी सिद्धू को बेहोशी का ढोंग करने को कहा। इसके बाद संतरी आशीष शर्मा से कहा कि सिद्धू बेहोश हो गया है। उसके कान से खून बह रहा है। बैरक का दरवाजा खोलो। उसे इलाज के लिए ले जाओ, नहीं तो मर जाएगा। संतरी ने झांक कर देखा तो वह लेटा हुआ था। उसने बैरक का दरवाजा खोलने के बजाय टीआई को फोन कर उसके बीमार होने की जानकारी दी। कुछ देर में टीआई पहुंचे। उन्होंने चार जवानों की सुरक्षा में सिद्धू को एमवाय हॉस्पिटल भेजा। जांच के बाद डॉक्टरों ने कहा- इसे कोई समस्या नहीं है। इसके बाद टीआई ने बैरक के अंदर बैठे अन्य आरोपियों को अलग-अलग बुलाकर पूछताछ की तो एक ने बताया कि सलमान और सिद्धू ने थाने से भागने की साजिश रची थी।
कोर्ट में पुलिस पर लगाया पिटाई के आरोप : पुलिस ने सलमान को जब कोर्ट में पेश किया तो वह जज के सामने टूटा हुआ पैर दिखाने लगा। उसका कहना था कि पुलिस ने उसे बुरी तरह पीटा। इस पर जज ने अधिकारियों से पूछताछ की, लेकिन उसका रिकॉर्ड देखकर कोई निर्णय नहीं दिया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/indore/news/the-crooks-were-trying-to-run-away-from-the-police-station-by-pushing-the-sentry-did-not-succeed-both-were-presented-in-court-on-tuesday-127744934.html
No comments:
Post a Comment