Saturday, August 8, 2020

छुट्‌टी के दिन निगम में अफसर की कुर्सी पर बैठकर ठेकेदार करवाते हैं अपना काम

नगर निगम कार्यालय शनिवार की छुट्‌टी के कारण आम लोगों के लिए बंद रहा। इसके लिए बकायदा मुख्य कार्यालय के बाहर सूचना बोर्ड लगा दिया कि आज अवकाश है। बावजूद इसके कुछ विभाग खुले रहे। यहां अधिकारी-कर्मचारियों के साथ ही कुछ प्रभावशाली लोग और ठेकेदार नजर आए। अकसर छुटि्टयों के दिन इसी तरह की स्थिति बनती है। शनिवार को जनकार्य एवं उद्यान विभाग में ठेकेदार शेख अतिक अधिकारी की कुर्सी पर बैठकर अपनी फाइल से संबंधित दस्तावेज तैयार करते नजर आया। इसी दौरान लिपिक महेंद्र शर्मा और कम्प्यूटर ऑपरेटर अंकुश पटेल फाइलें ढूंढने में व्यस्त रहे। वहीं समय पाल देवेंद्र प्रसाद द्विवेदी पास ही के टेबल पर बैठकर पेंडिंग काम करने में व्यस्त नजर आए। इसी दौरान कुछ ठेकेदार परिसर में खड़े होकर आपस में चर्चा करते रहे। निगम में ऐसी ही स्थिति छुट्टियों के दिन अक्सर देखने को मिलती है। इस दौरान कर्मचारी पेंडिंग काम निपटाने का बहना बनाते हैं। वहीं ठेकेदार और प्रभावशाली लोग मनमाने ढंग से अपने काम करवा लेते हैं। सामान्य दिनों में भी निगम में कई बार नेताओं का प्रभाव बताते हुए कुछ ठेकेदार कर्मचारियों की कुर्सी पर बैठकर बिना किसी संकोच अपना काम करते नजर आते हैं। वहीं आयुक्त हिमांशु भट्ट ने कहा छुट्‌टी के दिन कार्यालय बंद रहता है। निगम में किसी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश की जरूरत ही नहीं है। इस संबंध में निर्देश जारी किए जाएंगे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/local/mp/khandwa/news/on-holiday-contractors-get-their-work-done-by-sitting-in-the-officers-chair-in-the-corporation-127600405.html

No comments:

Post a Comment