Wednesday, July 1, 2020

जल्दी आया मानसून, 7 बार छोटे सिस्टम से हुई बारिश, जून की बारिश ने पिछले चार साल का रिकॉर्ड तोड़ा

समय से पहले आए मानसून ने इस बार जून में बारिश के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। कोई हैवी सिस्टम नहीं होने और लगातार बारिश जैसी स्थितियां नहीं बनने के बावजूद शहर में जून की बारिश ने पिछले चार साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से सक्रिय हुए छोटे-छोटे सिस्टम के असर से मानसून की घोषणा होने के बाद शहर में 7 बार बारिश हुई। इस साल जून के महीने में कुल 13 दिन शहर बारिश से भीगा।

इसमें मानसून की घोषणा होने से पहले तक 47.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई थी। वहीं 15 जून को मानसून घोषित होने के बाद 154.4 मिमी बारिश हुई। इस तरह शासकीय जीवाजी वेधशाला में जून 2020 में कुल औसत बारिश 202 मिमी दर्ज की गई। पांच साल में जून में बारिश का यह सबसे बड़ा आंकड़ा हैं। वहीं वर्षों के आंकड़ों पर गौर किया जाए तो 15 साल में तीसरी बार यह स्थिति बनी, जब बारिश का आंकड़ा 200 मिमी पार हुआ है। इसके पहले केवल 2013 और 2015 में ही 200 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई है। जिले में भी इस साल 196.3 मिमी औसत बारिश 30 जून तक दर्ज की गई है। जबकि बीते वर्ष बारिश का यह आंकड़ा 158.1 मिमी था। मौसम विभाग ने अब जुलाई में भी अच्छी बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है। इस साल तय समय से 7 दिन पहले मानसून आया है। पिछले साल की तुलना में इस बार 19 दिन पहले मानसून की घोषणा हुई है।

खास बात: कोई हैवी सिस्टम नहीं, फिर भी आखिरी 10 दिनों में 6 इंच से अधिक बारिश
इस बार जून में हुई बारिश में खास बात यह रही कि कोई हैवी सिस्टम नहीं होने के बावजूद बारिश के आंकड़ों ने रिकॉर्ड तोड़ दिया। जीवाजी वेधशाला के अधीक्षक डॉ. आरपी गुप्त ने बताया मानसून के जल्दी आने के बाद छोटे-छोटे सिस्टम बने। जिसके कारण 20 से 30 जून के बीच अच्छी बारिश हुई। जून के आखिरी 10 दिनों में शहर में 6.18 इंच बारिश दर्ज की गई।
जुलाई में 103% बारिश के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल के रडार प्रभारी वेदप्रकाश ने बताया दक्षिण गुजरात और उत्तरी छत्तीसगढ में कम दबाव का घेरा बना हुआ है। जिससे बुधवार से अगले दो-तीन दिन के भीतर पूरे उज्जैन संभाग में दो से तीन दिन तक अधिक बारिश होने की संभावना है। पूरे जुलाई में अच्छी बारिश के संकेत हैं। इस दौरान सामान्य से अधिक 103 प्रतिशत बारिश होने के आसार हैं।
जुलाई-अगस्त में होती है सबसे ज्यादा बरसात
उज्जैन व आसपास के क्षेत्रों में जुलाई-अगस्त के बीच ही सबसे अधिक बारिश का दौर रहता है। जून में औसत 90 मिमी के मुकाबले 202 मिमी बारिश हो चुकी है। शहर में जुलाई में 325 मिमी और अगस्त में 350 मिमी औसत बारिश होती है।
सुबह आधा इंच बारिश, दोपहर में निकली धूप
बुधवार सुबह शहर में घने बादल छा गए। सुबह 10 बजे बारिश शुरू हो गई। 45 मिनट तक रुक-रुक कर तेज और रिमझिम बारिश होती रही। इस दौरान शासकीय जीवाजी वेधशाला में आधा इंच बारिश दर्ज की गई। हालांकि बारिश के कुछ देर बाद ही बादल छंट गए और तीखी धूप निकल आई।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
The monsoon arrived quickly, 7 times the rainfall from the small system, June rains broke the record for the last four years


source https://www.bhaskar.com/local/mp/ujjain/news/the-monsoon-arrived-quickly-7-times-the-rainfall-from-the-small-system-june-rains-broke-the-record-for-the-last-four-years-127469119.html

No comments:

Post a Comment