Monday, June 8, 2020

होटलों में अब एक ही घर के चार सदस्यों को दो अलग अलग टेबल मिलेगी; गुरुद्वारों के एंट्री गेट हो रहे सैनिटाइज, मस्जिद में बच्चों, बुजुर्गों का जाना मना

विश्वनाथ सिंह/ प्रणय चौहान होटल और रेस्त्रां जब भी खुलेंगे तो नए स्वरूप में होंगे। एसोसिएशन की तरफ से 19 पेज की एडवाइजरी भी जारी कर दी गई थी। उसके मुताबिक कोई मेन्यू कार्ड को नए स्वरूप में बनवा रहा है तो कोई रेस्त्रां में दो लोगों के बैठने की ही व्यवस्था रखने पर विचार कर रहा है। लिफ्ट में भी पांच लोगों को दूर-दूर खड़े रहने और रिसेप्शन पर पहुंचने पर कम से कम 6 फीट की दूरी रखने के लिए स्टिकर लगा रहे हैं।
इंदौर होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुमित सूरी ने बताया कि नए स्वरूप में होटल शुरू किए जाने को लेकर इंटरनल ट्रेनिंग की तैयारी हो रही है। इसके लिए शहर के ज्यादातर होटलों ने काफी हद तक अपने संस्थानों में बदलाव करने शुरू भी कर दिए हैं। बाकी होटल स्टाफ को भी इन तैयारियों को दिखाकर सिखाने की चर्चा चल रही है। एक होटल के जनरल मैनेजर सैयद जुल्फिकार अली ने बताया कि नए परिवेश में मेन्यू कार्ड को हाथ में लेकर ऑर्डर करने में ग्राहक संभवत: हिचकिचाएं। इसके लिए हमने क्यूआर कोड का फ्लैप तैयार किया है। इसे रेस्त्रां की टेबलों पर रखा जाएगा। स्कैन करके ग्राहक अपने मोबाइल पर ही मेन्यू देखकर ऑर्डर कर पाएंगे। फैमिली या बड़ी टेबल के बजाय दो लोगों के हिसाब से ही बैठक व्यवस्था भी की जा रही है।
एक अन्य होटल के जनरल मैनेजर देवेश रावत ने बताया कि गेट पर ही ग्राहकों की थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था के साथ रिसेप्शन काउंटर से 6 फीट की दूरी रखने के लिए स्टिकर लगाकर मार्किंग की जा रही है। लिफ्ट में भी एक-दूसरे से सोशल डिस्टेंसिंग बनी रहे, इसके लिए कम से कम पांच लोगों के लिए मार्किंग हो रही है। सर्विस स्टाफ मास्क, ग्लव्ज और कैप के साथ ग्राहकों को खाना सर्व करते नजर आएगा। इसके लिए स्टाफ को ट्रेनिंग दे रहे हैं। एक अन्य होटल के सीईओ सपन अरोरा ने बताया कि रिसेप्शन काउंटर पर कस्टमर और स्टाफ के लिए पार्टिशन लगाया गया है। किचन की सामग्री को हैंडल करने वाले स्टाफ के लिए कोशिश कर रहे हैं वे पीपीई किट की डिजाइन वाला पूरा सूट पहनें। हाउस कीपिंग स्टाफ को भी ऑटोमैटिक मशीन से कमरे सैनिटाइज किए जाने को लेकर ट्रेनिंग दे रहे हैं। वहीं जहां तक मॉल्स की बात है तो वहां ग्राहकों को सैनिटाइजेशन चैनल से गुजरकर ही प्रवेश मिलेगा।


गुरुद्वारों के एंट्री गेट हो रहे सैनिटाइज, मस्जिद में बच्चों, बुजुर्गों का जाना मना, चर्च में 1 बेंच पर बैठेंगे तीन लोग


शहर के सभी धर्मस्थलों में कोरोना से निपटने की तैयारी पूरी कर रखी है। बस इंतजार है तो प्रशासन की अनुमति मिलने का। सभी मंदिरों में भक्तों के लिए जहां सोशल डिस्टेंस के लिए गोले बना दिए गए हैं, वहीं 32 गुरुद्वारे सिख संगत के लिए 1 जून से खोल दिए गए हैं। हालांकि संगत बहुत कम संख्या में गुरुद्वारा पहुंच रही है। वहीं चर्च में प्रवेश द्वार पर सैनिटाइजर और हैंड वॉश के लिए स्टैंड लगा दिए हैं। वहीं मस्जिदों में किसी से हाथ न मिलाने और गले न मिलने की समझाइश दी गई है।


गुरुद्वारा : श्री गुरु सिंघ सभा के महासचिव जसबीरसिंह गांधी ने बताया लॉकडाउन के दौरान ग्रंथीकार, कीर्तनकार, सेवादार गुरुद्वारा परिसर में ही रहते थे, जो गुरु परंपरा के अनुसार धार्मिक कार्य कर रहे थे। भोग लगाते थे। वहीं, संगत ने 500 पगड़ियां भेंट की। इससे एक हजार से ज्यादा मास्क तैयार कर लिए गए हैं, जो गुरुद्वारों से निःशुल्क बांटे जा रहे हैं। यह काम आगे भी लगातार जारी रहेगा। 1 जून से शहर के 32 गुरुद्वारे आम संगत के लिए खोल दिए गए हैं। बहुत कम संख्या में संगत मत्था टेकने आ रही है। संगत को मुख्य द्वार पर सैनिटाइज किया जा रहा है। सिर और हाथों में पन्नी पहनकर सुरक्षा के साथ प्रसाद बांटा जा रहा है। सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।


मस्जिद : गले नहीं मिलने की समझाइश
शहर काजी डॉ. मो. इशरत अली ने बताया वजू घर पर करें और मस्जिद में मास्क लगाकर आएं। खुद के तौलिये का इस्तेमाल करें, मस्जिद के तौलिये का इस्तेमाल न करें। अपने साथ जानमाज लेकर आएं और नमाज पढ़ते वक्त दूरी बनाएं। किसी से हाथ न मिलाएं, न गले मिलें और न ही मुसाफा करें। 12 साल से छोटे बच्चों को अभी मस्जिदों में न आने की ताकीद करें। 60 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्ग घरों में ही रहकर नमाज अदा करें। जिनको किसी भी तरह की बीमारी हो वे मस्जिद में न आएं और डॉक्टर को दिखाएं। दरगाहों पर फातेहा और गुलपोशी के वक्त दूरी बनाएं और भीड़ न करें। मस्जिद कमेटियों से गुजारिश की गई है कि मस्जिदों से तौलिये व जानमाज हटा दें। नमाज में दूरी का ख्याल रखवाएं। मस्जिद को समय-समय पर नॉन अल्कोहालिक सैनिटाइज कराते रहें।
चर्च : सोशल डिस्टेंसिंग का पूरी तरह पालन
रेड चर्च के फादर बीजू मैथ्यू ने बताया कि प्रशासन के दिशा-निर्देश के बाद चर्चों को संचालित कराया जाएगा। मुख्य आराधना रविवार को होगी। चर्च के गेट पर सैनिटाइजर लगा दिए गए हैं। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करेंगे। एक बेंच पर तीन लोग बैठेंगे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Four members of the same house will now have two separate tables in hotels; Entry gates of gurudwaras are being sanitized, children, elders forbidden in mosque


source https://www.bhaskar.com/local/mp/indore/news/four-members-of-the-same-house-will-now-have-two-separate-tables-in-hotels-entry-gates-of-gurudwaras-are-being-sanitized-children-elders-forbidden-in-mosque-127390789.html

No comments:

Post a Comment