Tuesday, June 23, 2020

रोजाना दो नए संक्रमित मिल रहे, नोडल अधिकारी का दावा- जुलाई में दोगुने हो सकते हैं कोरोना केस

जिले में लगातार कोरोना के मरीज बढ़ रहे हैं। विगत चार दिनाें ही जिले में आठ कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं, इसके बाद मंगलवार काे स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट हाेते हुए एडवायजरी जारी की है। वहीं कोरोना के नोडल अधिकारी डॉ. सौरभ राठौर ने अाशंका जताई है कि जुलाई में दोगुने केस हाे सकते हैं। मरीजों में लगातार बढ़ोत्तरी होने के बाद भी बाजार में लोगों की भीड़ बढ़ते ही जा रही है। दुकानों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो रहा है, वहीं लोग बिना मास्क के घूम रहे हैं। इधर जिला अस्पताल के कोरोना वार्ड से संदिग्ध मरीज का स्वास्थ्य खराब होने पर उसे मंगलवार काे भोपाल रैफर किया गया।
जिले में 18 जून तक कुल 39 पॉजिटिव थे। इनमें से 35 स्वस्थ होने पर तीन एक्टिव केस बचे थे। इसके बाद 22 जून तक कोरोना मरीजों की संख्या 47 तक पहुंच गई। अब जिले में 10 सक्रिय केस हैं, शहर के करीब बडोरा में भी पॉजिटिव केस आने पर स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सोशल डिस्टेंस का पालन करने, मुंह पर मास्क लगाने के सतर्कता बरतने की सलाह दी। वहीं इसके विपरीत लाेग दुकानों में भीड़ लगाए हुए हैं।

दुकानों से गायब डिस्टेंस के लिए लगाई रस्सी
बाजार में ग्राहकों से दूरी बनाने के लिए अधिकांश दुकानदारों ने दुकानों के सामने रस्सी लगाई थी। अब भीड़ बढ़ने के कारण यह रस्सी भी गायब हाे गईं हैं। इससे दुकानों में छह से अधिक ग्राहक आसानी से प्रवेश कर रहे हैं। इससे संक्रमण का खतरा है। हालांकि कुछ दुकानदारों द्वारा इसका पालन किया जा रहा है।

जुलाई तक हाे जाएंगे दोगुने केस : जिला नोडल अधिकारी डाॅ. साैरभ राठाैर
कोरोना के जिला नोडल अधिकारी डॉ. सौरभ राठौर ने बताया कोरोना को लेकर अभी आवश्यक सावधानी बरतने की दरकार है। वर्तमान में कोरोना के मामलों में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। जुलाई में दोगुनी रफ्तार से केस बढ़ सकते हैं। उन्होंने सभी को सावधानी बरतने की सलाह दी। डॉ. राठौर ने कहा कि लोग सार्वजनिक भीड़ वाली जगहों पर नहीं जाएं। बहुत जरूरत होने पर ही सर्तकता के साथ ही जाएं।

बाजार में यह हैं हालात : 20 प्रतिशत लोग घूम रहे बिना मास्क लगाए
शहर के बाजारों में एक सप्ताह से लगातार भीड़ बढ़ रही है। शादियों का सीजन होने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में ग्रामीण बाजार में पहुंचकर खरीददारी कर रहे हैं। बाजार में आने वाले 20 प्रतिशत लाेग बिना मास्क के ही दिखाई दे रहे हैं, वहीं सोशल डिस्टेंस का पालन भी नहीं किया जा रहा है। मंगलवार को कोठीबाजार बंद होने के कारण गंज के बाजार में भीड़ रही। दुकानों में सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं हाे रहा था अंदर भीड़ लगी हुई थी।

रिपोर्ट आई थी कि जून में ही कोरोना के केसेज बढ़ेंगे, लेकिन उस अनुपात में केस अधिक नहीं बढ़े। कह नहीं सकते कि आगे केसेज बढ़ सकते हैं। हालांकि स्थानीय स्तर पर जिले में कोरोना पॉजिटिव केस नहीं आ रहे हैं। बाहर से आने वाले ही संक्रमित निकल रहे हैं।
-डाॅ. जीसी चौरसिया, सीएमएचओ, बैतूल

दुकानों पर भीड़ लगाने वालाें पर कार्रवाई की जा रही है
बाजार में भीड़ बढ़ रही है। इसको लेकर कार्रवाई की जा रही है। पिछले दिनों भी बिना मास्क के घूमने तथा दुकानों में भीड़ होने पर कार्रवाई की गई थी। आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
- राजीव रंजन पांडे, एसडीएम, बैतूल



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/local/mp/hoshangabad/betul/news/two-new-infected-are-getting-daily-claims-nodal-officer-corona-case-may-double-in-july-127441806.html

No comments:

Post a Comment