Wednesday, June 3, 2020

डीईओ के आदेश पर जांच के लिए सेंट जोसफ काॅन्वेंट पहुंचीं संकुल प्राचार्य

कोविड 19 के बीच सेंट जोसफ काॅन्वेंट स्कूल द्वारा अभिभावकों को मैसेज भेज 6 जून तक री एडमिशन फीस जमा कराने और नहीं जमा कराने पर बच्चों का दाखिला निरस्त करने के मामले में शिक्षा विभाग ने जांच शुरू कर दी है। जांच के लिए संकुल प्राचार्य ममता अग्रवाल स्कूल पहुंचीं और अभिभावकों को भेजे मैसेज की जानकारी स्कूल प्रबंधन से मांगी।

उन्होंने प्रबंधन से पूछा कि स्कूल प्रशासन ने कितने बच्चों को मैसेज भेजे और क्या मैसेज भेजे। दूसरी बार कौन से भेजे थे। इस पर प्रबंधन ने संकुल प्राचार्य से कहा हम फीस को लेकर कोई दबाव नहीं बनाते हैं। जो बच्चे किसी कारणवश फीस जमा नहीं करा पाते हम उन्हें भी परीक्षा में बैठाते हैं। इस संकुल प्राचार्य ने कहा बच्चे यदि फीस जमा नहीं कराए तो भी स्कूल प्रबंधन उन्हें परीक्षा देने से वंचित नहीं कर सकता है। आपने किन बच्चों को बिना फीस के परीक्षा दिलाई है उनकी भी जानकारी बताओ ताकि स्थिति क्लीयर हो सके।

डीईओ केसी शर्मा ने बताया कि कोई भी स्कूल फीस के अभाव में बच्चों को स्कूल से निकालने की बात नहीं कह सकता है। मामले में संकुल प्राचार्य को जांच सौंपकर दो दिन में रिपोर्ट मांगी है। इसके बाद ही हम आगे की जानकारी दे सकेंगे। गौरतलब है कि सेंट जोसफ काॅन्वेंट स्कूल ने अभिभावकों को मोबाइल पर मैसेज भेजकर 6 जून तक फीस जमा कराने को कहा था और फीस जमा नहीं कराने पर एडमिशन निरस्त करने की धमकी दी थी। इसके बाद दैनिक भास्कर ने प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया था। इस पर स्कूल प्रशासन ने ताबड़तोड़ में मैसेज में संशोधन कर अभिभावकों को दूसरे मैसेज भेजे थे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/local/mp/ratlam/news/sankul-principal-reached-st-joseph-convent-for-investigation-on-order-of-deo-127372762.html

No comments:

Post a Comment