कोरोना से रोकथाम के लिए 18 मार्च से श्रद्धालुओं के लिए बंद किए गए बैजनाथ महादेव मंदिर के पट 81 दिन बाद सोमवार को खोले गए। लोग संक्रमण से बचे रहे इसके लिए मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं के हाथों को सैनेटाइज करवाने के साथ ही बाहर से दर्शन करने की व्यवस्था बनाई। सुबह 5.30 बजे से भक्तों के मंदिर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था जो रात तक चला। इस दौरान ढाई हजार से अधिक भक्तों ने बाबा के दर्शन किए।
दर्शनार्थियों को परेशानी न हो इसके लिए एक ही प्रवेश द्वार रखा गया है। भक्त जैसे ही शेड के नीचे से होते हुए सभा मंडप के पास पहुंचे वहां मौजूद कर्मचारी ने श्रद्धालुओं के हाथों को सैनेटाइज किया। भीड़ अधिक होने पर लोगों को सोशल डिस्टेंस के लिए बनाए गए गोले में खड़ा रहना पड़ा। गर्भगृह में लोगों को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है इसलिए छोटे नंदी के पास खड़े होकर दूर से ही लोगों को दर्शन करना पड़े। लोग घंटी न बजाए इसलिए सभी घंटियोें को कपड़े से बांधा गया था।
पंडितों ने नहीं लगाए तिलक, श्रद्धालुओं के हाथों को कराया सैनेटाइज
मंदिर के बाहर बैठने वाले कई पुजारियों ने श्रद्धालुओं के मांगने पर पूजा की थाली उन्हें दी, लेकिन पहले श्रद्धालुओं के हाथों को सैनेटाइज करवाया। पंडितों ने लोगों को तिलक नहीं लगाए, क्योंकि प्रशासन ने इस पर भी रोक लगा रखी है। सरकार द्वारा जारी की गई गाइड लाइन भी मंदिर परिसर में चस्पा की गई। बाबा के अनेक दर्शनार्थियों के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी बड़ी संख्या में दर्शन करने पहुंचे। सोमवार को वैसे भी श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहती है। बाबा के दर्शन करने सुबह पूर्व कलेक्टर संजय कुमार व दोपहर को नए कलेक्टर अवधेश शर्मा पहुंचे। दोनों ने बाबा की पूजा-अर्चना की।गोपाल मंदिर परिसर स्थित प्राचीन त्रयंबकेश्वर महादेव मंदिर के पट खुलने के बाद श्रीराम सेना के सदस्यों ने त्रयंबकेश्वर महादेव का अभिषेक पूजन करने के बाद आरती की तथा कोरोना के रोकथाम की कामना भी की।
नलखेड़ा : दर्शनार्थियों के लिए खोला मां बगलामुखी मंदिर
नलखेड़ा | प्रशासन द्वारा बनाए गए विभिन्न नियमों व सावधानियों के साथ सोमवार से मां बगलामुखी मंदिर दर्शनार्थियों के लिए खोला गया।अनुविभागीय अधिकारी एवं मां बगलामुखी मंदिर समिति के अध्यक्ष मनीष जैन ने बताया मंदिर परिसर में फूल, अगरबत्ती आदि चढ़ाना वर्जित है।
रणछोड़ मंदिर में भी बिना मास्क के नहीं दिया प्रवेश
मुख्य बाजार में स्थित रणछोड़ मंदिर ट्रस्ट की गत दिवस बैठक हुई थी। इसमें शासन के निर्देशों का पालन करने का निर्णय लिया गया था। सोमवार को इस मंदिर के पट भी खुले। सोशल डिस्टेंस का पालन श्रद्धालुओं से करवाया गया। जिस व्यक्ति ने मास्क नहीं पहना था उससे मंदिर से जुड़े लोगों ने मास्क पहनकर मंदिर आने का आग्रह किया। यहां मूर्ति व किसी भी वस्तु को छूने की मनाही थी। लोगों ने दूर से ही दर्शन किए।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/ujjain/agar/news/after-81-days-the-doors-of-baijnath-mahadev-temple-opened-two-and-a-half-thousand-devotees-visited-on-the-first-day-127390814.html
No comments:
Post a Comment