बुधवार को शहर में मिले चार नए कोरोना पीड़ितों में एक रजा चौक निवासी 80 साल के बुजुर्ग हैं जिनका 50 वर्षीय बेटा कोरोना फाइटर के तौर पर सक्रिय था। परिवार में टेलरिंग का व्यवसाय है जिसमें करीब 12 कर्मचारी कार्यरत हैं। उक्त बुजुर्ग को 10 जून को बुखार और सर्दी की परेशानी हुई, तो रजा चौक स्थित डॉ. यूसुफ रजा के यहाँ इलाज कराया, तीन दिन तक आराम नहीं लगने पर वे 14 जून को मन्नूलाल अस्पताल गए जहाँ एक्सरे के बाद उन्हें विक्टोरिया जाने की सलाह दी गई।
वे तुरंत विक्टोरिया की 14 नंबर ओपीडी गए जहाँ उन्हें दवाएँ देकर घर रवाना किया गया।
अगले दिन 15 जून को तबियत और बिगड़ने पर उन्हें फिर विक्टोरिया लाया गया जहाँ उन्हें भर्ती कर कोरोना सैंपल लिया गया जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्हें सुपर स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। एक अन्य मरीज सेक्टर 2 व्हीकल टाइप 2 निवासी 61 वर्षीय पूर्व अधिकारी 11 जून को चेन्नई से दिल्ली होतेे हुए शहर आए थे। जिला अस्पताल में उन्होंने जाँच कराई तो होम क्वारंटीन के लिए कहा गया। 16 जून को उन्हें तेज बुखार की शिकायत हुई तो विक्टोरिया में भर्ती कर उनकी सैंपलिंग हुई जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि शहर आने के बाद वे होम क्वारंटीन रहे। कछियाना चौक निवासी 19 साल का युवक पॉजिटिव आया है। वह प्रिंटर का व्यवसाय करता है तथा कुछ दिन पहले ही उसकी बहन मंडला से आई है। युवक का बुखार-खाँसी की शिकायत पर विक्टोरिया अस्पताल में जाँच के दौरान सैंपल लिया गया था। वल्दीकोरी की दफाई शीतलामाई निवासी 42 वर्षीय महिला भी बुखार की शिकायत पर इलाज कराने जिला अस्पताल आई थी।
7 मरीज हुए स्वस्थ | विक्टोरिया अस्पताल और सुखसागर कोविड केयर में भर्ती 7 कोरोना संक्रमितों को 10 दिन की डिस्चार्ज गाइडलाइन के तहत छुट्टी दी गई। इनमें विक्टोरिया से डिस्चार्ज किए गए सिंधी कैंप के दो, गौशाला बस्ती रांझी तथा छोटी ओमती खलासी लाइन के एक व्यक्ति सहित नूरी नगर की एक महिला है, सभी को अगले 7 दिन घर में क्वारंटीन रहना होगा। वहीं सुखसागर कोविड केयर सेंटर से आरपीएसएफ के जवान सहित हनुमानताल की महिला को डिस्चार्ज कर 7 दिन के लिए वहाँ के क्वारंटीन सेंटर में भर्ती किया गया है।
ग्वारीघाट में हुई पूल सैंपलिंग -

बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने ग्वारीघाट क्षेत्र में 50 लोगों के सैंपल लिए। इनकी जाँच आईसीएमआर लैब में 10-10 के पूल में की जाएगी। बीते दिन कृषि उपज मंडी में की गई पूल सैंपलिंग में एक व्यक्ति के पॉजिटिव आने की सूचना है, बताया गया कि गुरुवार को इनका कन्फर्मेशन टेस्ट किया जाएगा।पी-4
कोरोना मरीजों की पहचान छिपाने को चुनौती देने वाली याचिका हुई वापस
संवाददाता, जबलपुर| हाईकोर्ट ने बुधवार को जबलपुर के उस पत्रकार की याचिका को आधारहीन व प्रमाणहीन माना, जो कोरोना मरीजों के नाम सार्वजनिक न किए जाने संबंधी शासन के आदेश को चुनौती देकर दायर की गई थी। चीफ जस्टिस अजय कुमार मित्तल और जस्टिस विजय कुमार शुक्ला की युगलपीठ द्वारा अपनाए गए कड़े रुख के बाद याचिकाकर्ता की ओर से याचिका वापस ले ली गई। पत्रकार राहुल मिश्रा की ओर से दायर इस याचिका में कोरोना टेस्ट में पाॅजीटिव पाए जाने वाले मरीजों के नाम सार्वजनिक न करने संबंधी शासन के 19 मई के आदेश को चुनौती दी थी। याचिकाकर्ता का दावा था कि पॉजीटिव पाए जाने वाले मरीजों के नाम सार्वजनिक करना व्यापक जनहित में है। ऐसे में सरकार द्वारा जारी आदेश से संबंधित पूरे दस्तावेज बुलाकर उनका परीक्षण किया जाए। केन्द्र सरकार की ओर से एएसजी जेके जैन ने पक्ष रखा।पी-3
बिना हैलमेट और बिना मास्क के कलेक्ट्रेट पहुँचे तो कटेगा चालान
नगर संवाददाता, जबलपुर| बिना हैलमेट पहने और बिना मास्क लगाये कलेक्ट्रेट पहुँचने वाले लोगों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही की जायेगी। इस संबंध में अपर कलेक्टर ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि कलेक्टर परिसर स्थित गेट पर पुलिस कर्मचारी की ड्यूटी लगाकर हैलमेट एवं मास्क की जाँच कर चालानी कार्यवाही करें। चालानी कार्यवाही की जानकारी निर्धारित प्रपत्र में कलेक्ट्रेट कार्यालय को अवगत भी करायें। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सभी कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित आगन्तुकों को भी हैलमेट एवं फेस मास्क पहनना अनिवार्य किया गया है। उल्लंघन करने पर अर्थदण्ड की कार्यवाही की जायेगी।पी-2
कोरोना संक्रमण खतरे के बीच 12वीं की उत्तरपुस्तिकाओं का केन्द्रीयकृत मूल्यांकन होगा
कार्यालय संवाददाता, जबलपुर | कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे के बीच माध्यमिक शिक्षा मंडल 22 से 30 जून तक 12वीं की उत्तरपुस्तिकाओं का केन्द्रीयकृत मूल्यांकन कराने का जा रहा है, दरअसल यह सवाल इसलिए उठ रहा है कि अप्रैल में जब संक्रमण के मामले कम थे, तो उस समय माशिमं ने शिक्षकों से उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन घर से कराया था। माशिमं ने मूल्यांकन के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के साथ ही शिक्षकों को मास्क लगाना अनिवार्य किया है।
इसके साथ ही शिक्षकों की थर्मल स्क्रीनिंग भी कराई जाएगी। माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 9 से 16 जून तक 12वीं बोर्ड की बची हुई परीक्षाएँ कराई हैं। परीक्षाएँ समाप्त होने के बाद 22 से 30 जून तक उत्तरपुस्तिकाओं का केन्द्रीयकृत मूल्यांकन कराया जाएगा। जबलपुर में एमएलबी स्कूल को मूल्यांकन केन्द्र बनाया गया है। यहाँ पर सागर, रीवा और भोपाल संभाग के अंतर्गत आने वाले स्कूलों का मूल्यांकन कराया जाएगा। शिक्षकों का कहना है कि माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 22 अप्रैल से उस समय शिक्षकों से घर से मूल्यांकन कराया था, जब कोरोना संक्रमण के मामले कम थे। अब जब संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, ऐसी स्थिति में केन्द्रीयकृत मूल्यांकन का जोखिम उठाया जा रहा है।
मूल्यांकन केन्द्र का होगा सेनिटाइजेशन| माशिमं ने निर्देश जारी किया है कि केन्द्रीयकृत मूल्यांकन के पूर्व मूल्यांकन केन्द्र का सेनिटाइजेशन कराया जाएगा। मूल्यांकन केन्द्र में प्रवेश के पहले शिक्षकों की थर्मल स्क्रीनिंग कराई जाएगी। सभी शिक्षकों को मास्क लगाना अनिवार्य होगा। मूल्यांकन केन्द्र में सोशल डिस्टेंसिंग का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। पी-4
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 22 जून से 12वीं की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कराने के निर्देश दिए हैं। मूल्यांकन के दौरान शिक्षकों की थर्मल स्क्रीनिंग और केन्द्र का सेनिटाइजेशन कराया जाएगा। इसके साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग का कड़ाई से पालन किया जाएगा।
-प्रभा मिश्रा, प्राचार्य एवं मूल्यांकन केन्द्र प्रभारी एमएलबी स्कूल
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/jabalpur/news/from-victorias-opd-80-year-old-was-sent-home-after-giving-medicine-health-deteriorated-and-corona-positive-127421711.html
No comments:
Post a Comment