पुराने 55 स्टाॅकाें काे अनुमति दिए बिना प्रशासन ने 8 ठेकेदारों को स्टॉक 30 जून तक करने का आदेश दिया है। प्रशासन ने तीसरी बार एनजीटी की रोक वापस ली है। बुधवार काे कलेक्टर धनंजय सिंह ने तकनीकी समिति की बैठक कर एनजीटी की राेक काे 30 जून की रात 12 बजे से लगाने का निर्णय लिया है। अब जिले की 9 खदानों से 6 दिन में रेत निकालकर नदी से 5 किमी. दूर ठेकेदारों को स्टॉक करना होगा। इसी स्टॉक से ठेकेदार रेत बेच सकेंगे। रेत बेचने के लिए पोर्टल खुलेगा, इसके बाद अनुमति मिलेगी। एडीएम जीपी माली ने बताया कि प्रदेश सरकार ने ही 30 जून तक एनजीटी की राेक हटाने के निर्देश जारी किए हैं। इसलिए जिले में भी अब 1 जुलाई से रेत उत्खनन करने पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। 30 जून तक खनन भी हाेगा और परिवहन भी हाेगा। इसके अलावा स्टाॅकाें से भी रेत जा सकती है। जिला खनिज अधिकारी महेंद्र सिंह पटेल ने बताया 30 जून तक रोक हटी है।
प्रशासन के इस फैसले से रेत ठेकेदाराें काे दाेहरी राहत मिली है। माना जा रहा है कि रेत ठेकेदाराें के स्टाॅकयार्ड की अनुमति देने के दबाव में ही प्रशासन ने फैसला पलटा है। पहले एक साल के लिए रेत उठाने की अनुमति सरकार से मिलने के बाद 9 ठेकेदाराें ने खनिज निगम काे एडवांस में कराेड़ाें रुपए दिए थे। इसके बाद भी जिला प्रशासन ने उनकाे बारिश के दाैरान रेत के स्टाॅक से काराेबार नहीं करने देने के आदेश दिए। वे एक्टिव हुए तब प्रशासन ने डेट बढ़ाई। प्रशासन ने पहले 15 जून, फिर 18 जून और अब 24 जून काे तीसरी बार अादेश बदले हैं। राेक हटाने के लिए खनिज संचालक ने एमडी माइनिंग काे पत्र भी लिखा था। जिले में 8 स्टाॅकयार्ड काे भी रेत की परिवहन की अनुमति दी गई है। अब लोगों को रेत मिलती रहेगी।
जिला खनिज अधिकारी महेंद्र पटैल ने बताया कि प्रशासन ने एनजीटी की रिपोर्ट मिलने के बाद जिले में सिर्फ 8 रेत स्टॉक को रेत बेचने की अनुमति दी है। जबकि जिले में रेत के 55 रेत स्टॉक जब्त कर रखे हैं। नए रेत के स्टाॅकयार्ड अब रेत की खदानाें से 5 से 8 किमी की दूरी पर बनाए जाएंगे। जिले में आठ भंडारण स्टॉक यार्ड काे भंडारण अनुमति जारी की है। यहां से भी ईटीपी से ही रेत का विक्रय किया जा सकता है। भौतिक सत्यापन के बाद ई खनिज पोर्टल पर मात्रा अपडेट कर दी जाती है।
रेत ठेकेदार इसलिए भी खदानों पर सक्रिय हुए क्योंकि बरसात का सीजन लगने वाला है। इस दौरान रेत खदानों को बंद कर दिया जाएगा। ठेकेदारों के पास भी 6 दिन समय ही शेष बचा है। 30 जून से 30 सितंबर तक रेत खनन प्रतिबंधित हाे जाएगा। ऐसे में ठेकेदारों और खनिज निगम के पास रेत स्टॉक के लिए समय कम बचा है। अब 1 जुलाई से यह राेक प्रभावी हाे जाएगी। इसके बाद कोई भी रेत का खनन और परिवहन नहीं कर सकेगा। इसलिए ठेकेदार अब खदानों से जल्दी रेत उठाएंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/hoshangabad/news/sand-no-decision-yet-on-old-55-stocks-eight-contractors-got-6-days-to-make-new-stock-127445120.html
No comments:
Post a Comment