Monday, June 8, 2020

अनलॉक-1 के आठ दिन में 21 गंभीर वारदात, 19 का खुलासा

खुफिया अलर्ट है कि अनलॉक होते ही राजधानी में संपत्ति संबंधी यानी लूट, चोरी और नकबजनी जैसे संगीन अपराधों में इजाफा होगा। करीब दो महीने से खामोश चल रहे बदमाशों ने बीते आठ दिन में लूट और चोरी की 21 वारदात को अंजाम देकर इस अलर्ट की पुष्टि भी कर दी है। अब तक कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को रोकने के साथ साथ भोपाल पुलिस ने अपराध नियंत्रण पर भी काम शुरू कर दिया है। इसके लिए पुलिस छह अलग-अलग थीम पर काम कर रही है। नतीजा ये रहा कि 19 वारदात का खुलासा भी किया जा चुका है।


पुलिस का अहम टारगेट 311 नए बदमाश हैं, जिनकी हिस्ट्रीशीट खोली जा रही है। एसपी साउथ साईं कृष्णा ने बताया कि पुलिस ने बीते सात साल में हुए करीब साढ़े सात हजार संपत्ति संबंधी अपराध चिह्नित किए हैं। इन्हें अंजाम देने वाले 500 लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने ऐसे आरोपियों को नई सूची से बाहर कर दिया, जो उम्रदराज या एक अपराध करने वाले थे। नई सूची के लिए 311 नाम चिह्नित किए गए हैं। नए शहर में ऐसे 122 और पुराने शहर में 129 आरोपियों की नई हिस्ट्रीशीट खोली जा रही है। वहीं, करीब 60 लोगों की हिस्ट्रीशीट खोली जा चुकी है। ये 311 लोग वे हैं, जिन्होंने दो या इससे ज्यादा संपत्ति संबंधी अपराधों को अंजाम दिया है।

ऐसे होते गए खुलासे

एसपी नॉर्थ शैलेंद्र सिंह चौहान के मुताबिक 01 से आठ जून के बीच चोरी के 11 केस दर्ज किए गए, इनमें नौ का खुलासा किया जा चुका है। ऐसे ही इस दौरान लूट की पांच वारदात हुईं, इनमें चार लूट का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। जहांगीराबाद में रविवार दोपहर हुई लूट को पुलिस संदिग्ध मान रही है। इनमें बीती दो जून को आरती कनोजिया का फोन लूटने वालों का भी पुलिस ने पता लगा लिया है। एक नाबालिग के साथ मिलकर ये वारदात यश लालवानी ने की थी। पूछताछ में दोनों ने बागसेवनिया की एक चोरी भी कबूली है। पुलिस को फिलहाल यश की तलाश है। वहीं, इन आठ दिनों में वाहन चोरी के छह केस दर्ज किए गए। पुलिस ने इन आठ दिनों में चोरी की आठ बाइक जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

इन 6 बिंदुओं पर काम कर रही है पुलिस, अब खुलेगी नई हिस्ट्री

1. सोशल डिस्टेंसिंग
2. कंटेनमेंट जोन में प्रोटोकॉल का पालन
3. संपत्ति संबंधी हॉट स्पॉट
4. चैकिंग पॉइंट घटाकर बढ़ाई गश्त
5. क्राइम मीटिंग शुरू, जिम्मेदार से सवाल करना भी शुरू किए।
6. सबसे अहम...500 में से 311 की खुलेगी नई हिस्ट्रीशीट।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/local/mp/bhopal/news/21-serious-incidents-in-eight-days-of-unlock-1-19-revealed-127390743.html

No comments:

Post a Comment