मप्र की सीमा में रोके जाने पर महाराष्ट्र से उप्र जा रहे मजदूरों ने लगातार तीसरे दिन सोमवार को भी हंगामा कर डेढ़ घंटे चक्काजाम किया। इसके बाद पिछले 2 दिन की तरह उन्हें स्क्रीनिंग के बाद आगे जाने दिया। महाराष्ट्र में फंसे मजदूर उप्र लौट रहे हैं। उप्र सरकार द्वारा उन्हें राज्य में प्रवेश नहीं देने के कारण मध्य प्रदेश की सीमा में रोका जा रहा है। रविवार रात को भी पैदल, साइकिल, दोपहिया व चार पहिया वाहनों से आए मजदूरों को बिजासन मंदिर परिसर में रुकवाया गया। भोजन की व्यवस्था की गई।
आगे नहीं जाने देने से नाराज मजदूरों ने सोमवार सुबह 8 बजे एबी रोड पर बैठ गए और चक्काजाम कर दिया। ग्रामीण थाना प्रभारी वीडीएस परिहार बल लेकर मौके पर पहुंचे और समझाइश दी। फिर भी लोग नहीं माने, तो एसपी डीआर तेनीवार ने चर्चा की। मजदूर बोले हमें अपने गांव जाने दीजिए। एसपी ने जाने देने की बात कही। इसके बाद लोग रोड से हटे। वाहनों में बैठकर तो कुछ पैदल रवाना हो गए। डीआईजी निमाड़ रेंज तिलकसिंह भी बिजासन पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। शाम तक महाराष्ट्र से आने वाले किसी व्यक्ति को रोका नहीं जा रहा था। वहीं एएसआई मंडलोई ने बताया रविवार को पुलिस पर पथराव करने वाले 400-500 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया है।
नेशनल हाइवे पर चेतावनी उपवास पर बैठीं मेधा
बरूफाटक में मजदूरों की घर वापसी की मांग को लेकर नेशनल हाइवे स्थित सेगवाल फाटे पर नर्मदा बचाओ आंदोलन मेधा पाटकर ने सोमवार से 24 घंटे के चेतावनी उपवास पर बैठ गई है। श्रमिकों के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ उन्होंने सुबह 9 बजे से उपवास शुरू किया। अखिल भारतीय किसान समिति के सदस्यों ने बताया प्रशासन मजदूरों को भोजन के साथ घर भेजने की व्यवस्था करें।
पैदल और वाहनों से आ रहे महाराष्ट्र से लोग
निवाली मेंबिजासन घाट में महाराष्ट्र से आने वाले मजदूरों को रोका जा रहा है। वहीं पानसेमल में बार्डर से लगे गांवों से लोगों का पैदल व वाहनों से आना जारी है। ये लोग पैदल या वाहनों से नगर से हाेकर गुजर रहे हैं। शिरपुर से मंधाना, सांना, पाडलिया, मोयदा होकर सीधे निवाली की ओर रास्ता मिलता है। खेतिया से बोकराटा-सिलावद, राजपुर होकर बड़वानी से सीधे बाहर निकल जाते हैं।
शासन के आदेशों का पालन कर रहे हैं। मजदूरों को रोकना परेशान करने जैसी कोई बात नहीं है। अपने स्तर से उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए प्रयास कर रहे हैं। बीमारी से बचने के लिए उन्हें विभिन्न प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ा रहा है। जल्द ही व्यवस्था सुधरेगी।
-रंजना पाटीदार, तहसीलदार निवाली
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/khandwa/sendhwa/news/workers-also-created-a-ruckus-on-the-third-day-the-administration-let-the-screening-go-127270920.html
No comments:
Post a Comment