सोमवार देर शाम कलेक्टर के आदेश के बाद राजस्व एवं नपा की टीम ने नगर की सड़कों को रात में ही दो अलग-अलग जोन में बांटना शुरू कर दिया था। इसके बाद भी दुकानदारों ने भी अपने लिए फायदे के रास्ते खोजने शुरू कर दिए हैं। एक दुकानदार ने दोनों तरफ दुकानें लगा लीं। इस पर एक हजार का जुर्माना किया। इसके बाद बाकी दुकानदार सचेत हो गए और दिनभर शांतिपूर्ण माहौल में एक तरफ के दुकानदारों ने कारोबार किया। जबकि दूसरी लाइन के दुकानदार अपनी बारी आने का इंतजार करते रहे।
पहले आई लेफ्ट की बारी
कलेक्टर राकेश सिंह का आदेश आने के तुरंत बाद ही तहसीलदार नीरज कालमेघ, नायब तहसीलदार सृष्टि डेहरिया एवं नपा सीएमओ एचआर खाड़े की टीम ने हसलपुर सीमा से सड़कों के लेफ्ट-राइट का चिन्हांकन शुरू कर दिया था। हसलपुर के बाद बोड़खी मेन रोड से हवाई पट्टी, रेलवे क्षेत्र, बस स्टैंड, श्रीराम मार्केट, तहसील रोड, सर्राफा मार्केट सहित अन्य क्षेत्रों में चिन्हांकन का यह काम देर रात तक चला। सुबह जैसे ही 10 बजे, दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें खोलने के लिए तैयार नजर आए।
चुकाना पड़ा जुर्माना
प्रशासन की रात में हुई तैयारी के बाद दुकानदारों ने भी अपना होमवर्क कर लिया था। सुबह 10 बजते ही कुछ दुकानदारों ने अपनी राइट साइड की स्थाई दुकान के सामने लेफ्ट साइड की जगह पर दुकानें लगाना शुरू कर दिया था। ऐसा ही एक मामला मेन रोड की दुकानों में भी सामने आया। गोपनीय रूप से दुकानदारों ने इस बात की शिकायत भी की। इसके बाद तहसीलदार एवं सीएमओ की टीम मौके पर पहुंची। दुकानदार जाहिद खान से पूछने पर पता चला कि उसकी स्थाई दुकान राइट साइड में है और अस्थाई दुकान भी उसने गर्ल्स स्कूल की दीवार से लगकर लेफ्ट साइड में बना रखी है। इसके बाद उसने अस्थाई दुकान के सामने सामान रखकर दुकानदारी शुरू कर दी थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच के बाद यह दुकान बंद करवाई। जबकि दुकानदार से एक हजार रुपए जुर्माना भी वसूला।
हाेटल संचालको में मायूसी
मंगलवार को लॉकडाउन में मिली राहत के बाद हाेटल संचालक एवं टी स्टाॅल संचालकों में मायूसी नजर आई। एक बार तो हाेटल संचालकों ने इस बात का विरोध भी जताना चाहा। लेकिन बाद में घोड़ाडोंगरी में काेराेना पॉजीटिव मरीज मिलने की खबर जैसे ही वायरल हुई, तो दुकानदारों ने अपने कदम वापस पीछे खींच लिए। दुकानदार दिनेश शेंद्रे सहित अन्य का कहना था कि उन्हें भी नियमाें के साथ रोजगार की अनुमति दी जानी चाहिए।
बच्चों को दी समझाइश
दुकान खुलने की जानकारी मिलते ही दो बच्चे स्कूटी पर कपड़ों का गट्ठा लेकर बाजार में दुकान लगाने निकल पड़े थे। टीम ने इन बच्चों को रोककर पूछताछ की। इसके बाद समझाइश देकर उन्हें घर लौटाया, जबकि छिंदवाड़ा पुलिस ने एक परिवार के तीन सदस्यों को आमला लाकर छोड़ दिया। इन लोगों को अब टीम ने बस स्टैंड की सराय में ठहराया है। जिनके भोजन का इंतजाम नगर पालिका की टीम कर रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/hoshangabad/amla/news/left-and-right-side-shops-started-to-open-in-turn-fined-by-shopkeeper-on-right-side-127320583.html
No comments:
Post a Comment