Saturday, May 23, 2020

छप्परवाला पुल से नदीगेट तक किया वन-वे, स्टॉपर लगाए पर 15 मिनट में 23 वाहन चालकों ने तोड़ा नियम तो लगा जाम

शहर में बाजार के रफ्तार पकड़ने के साथ ही सड़कों पर ट्रैफिक लोड बढ़ गया है। ऐसे में ट्रैफिक सुधार की कवायद पुलिस अफसरों ने शुरू कर दी है। छप्परवाला पुल से नदीगेट तक लगने वाले जाम को खत्म करने के लिए इसे वन-वे करते हुए यहां स्टॉपर भी लगाए। शनिवार को दोपहर में कई वाहन चालकों ने स्टॉपर लगे होने के बाद भी यू-टर्न से वाहन मोड़कर गलत दिशा में घुसाए। महज 15 मिनट में 23 वाहन चालकों ने नियम तोड़ा। इससे जाम लगा। बाद में यहां ट्रैफिक पॉइंट लगाया गया, तब वाहन चालक पुलिस को देखकर सीधे निकले। दोपहर 2.15 बजे से 2.30 बजे तक दैनिक भास्कर टीम ने यहां जायजा लिया।

इस दौरान 23 वाहन गलत दिशा में घुसे। शाम 6 बजे एएसपी ट्रैफिक पंकज पांडे, एएसपी पश्चिम सतेंद्र तोमर, डीएसपी ट्रैफिक नरेश अन्नोटिया और टीआई पड़ाव ज्ञानेंद्र सिंह ने यहां पहुंचकर आसपास के दुकानदारों से भी इस व्यवस्था के बारे में फीडबैक लिया। नगर निगम और पुलिसकर्मियों को मिलाकर वर्क फोर्स बनाने पर भी विचार किया जा रहा है।

हर रोज लगता था जाम: दरअसल, छप्परवाला पुल की तरफ से आने वाले जिन वाहन चालकों को जयेंद्रगंज, इंदरगंज और गुरुद्वारे की तरफ जाना होता था। वे वाहन चालक शिंदे की छावनी होते हुए जाने की बजाय छप्परवाला पुल से दायीं तरफ टर्न लेकर नदीगेट पहुंचते थे। इससे नदीगेट चौराहे पर जाम लगता था। वहीं शिंदे की छावनी की ओर से आने वाले जिन वाहन चालकों को जयेंद्रगंज और दाल बाजार की तरफ जाना होता था, वे गुरुद्वारा होते हुए जाने की बजाए इसी तरफ से जाते थे। इस वजह से ट्रैफिक सिग्नल पर अक्सर जाम लगता था।यहां शुक्रवार शाम को छप्परवाला पुल से नदीगेट तक वन-वे कर दिया गया। रात में ही स्टॉपर लगाए। लेकिन सुबह से यहां वाहन चालकों ने नियम तोड़े। दोपहर 12 बजे तक ट्रैफिक पॉइंट रहा। जैसे ही ट्रैफिक पॉइंट हटा तो यहां वाहन चालकों ने गलत दिशा में घुसना शुरू कर दिया। शाम 5.30 बजे से यहां चेकिंग शुरू हुई। इसके बाद चालान काटना शुरू किए।

दुकानदार बोले- सुधर जाएगा ट्रैफिक
शाम को पुलिस अफसरों ने यहां के दुकानदारों से बात की तो वे बोले कि इस व्यवस्था का असर शनिवार को अच्छा रहा। कुछ वाहन चालकों ने नियम तोड़े, लेकिन धीरे-धीरे लोगों की आदत में आ जाएगा तो ट्रैफिक सुधर जाएगा। इस मामले में एएसपी पंकज पांडे ने बताया कि शिंदे की छावनी पर सड़क पर गाड़ियां सुधारने वाले मिस्त्रियों को हटाने के लिए नगर निगम और प्रशासन को पत्र लिखा जाएगा। वहीं गुरुद्वारे से शिंदे की छावनी की तरफ गलत दिशा में आने वाले वाहन चालकों को रोकने भी स्टॉपर लगाए गए हैं।

पड़ाव आरओबी: यहां सुधार के लिए लगाया जाएगा ट्रैफिक सिग्नल
पड़ाव के नए आरओबी पर ट्रैफिक बढ़ाने के लिए भी अफसरों ने तैयारी शुरू कर दी है। मार्च में यहां बोर्ड और संकेतक लगाए थे, इसके बाद ट्रैफिक पॉइंट भी लगाया। जिससे लक्ष्मीबाई समाधिस्थल से एलआईसी तिराहा होते हुए वाहन चालकों ने पड़ाव आरओबी का उपयोग करना शुरू कर दिया था। अब यहां ट्रैफिक सिग्नल लगाकर इसे और व्यवस्थित करने की तैयारी है। एएसपी पंकज पांडे ने बताया कि लश्कर की ओर से मुरार, सिटी सेंटर और न्यू कलेक्टोरेट की तरफ जाने वाले वाहन चालकों के लिए सबसे उपयोगी रास्ता पड़ाव आरओबी है। लेकिन लोगों की आदत नहीं बदली, इस वजह से कई वाहन चालक पुराने पड़ाव पुल का ही उपयोग कर रहे थे। यहां बोर्ड और संकेतक लगाए गए। अब आवाजाही बढ़ गई है, इसके चलते यहां ट्रैफिक पॉइंट लगाया जा रहा है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
One-way from Chhaparwala bridge to rivergate, stopper installed, but in 15 minutes 23 drivers broke the rule


source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/news/one-way-from-chhaparwala-bridge-to-rivergate-stopper-installed-but-in-15-minutes-23-drivers-broke-the-rule-127334347.html

No comments:

Post a Comment