Friday, April 10, 2020

खंडवा में कोरोना पाॅजिटिव मिलने पर खंडवा अमरावी हाईवे सील, महाराष्ट्र जाने वाले कच्चे रास्ते जेसीबी की मदद से खोदे

जिले से एकदम सटे महाराष्ट्र में सबसे अधिक कोरोना संक्रमित पाए जाने और इसके बाद पड़ोसी जिले खरगोन और बड़वानी में भी संक्रमित मरीज सामने आने के बाद से बुरहानपुर जिले में भी लोग चिंता में थे। राहत इतनी थी कि खंडवा और बुरहानपुर में एक भी पॉजिटिव नहीं मिला था, लेकिन खंडवा में पांच पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद बुरहानपुर जिले में दहशत और बढ़ गई है। सतर्कता बरतते हुए प्रशासन ने खंडवा-अमरावती हाईवे को सील कर दिया है। यही नहीं खेतों से होकर महाराष्ट्र जाने वाले कच्चे रास्तों को भी जेसीबी से खोद दिया गया है।

खंडवा में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद कलेक्टर राजेश कुमार कौल और एसपी बीएस बिरदे ने खंडवा-देड़तलाई हाईवे पर नाकाबंदी करने के निर्देश दिए हैं। अब यहां से छोटे-बड़े वाहन निकलना तो दूर, पैदल आने-जाने वालों को भी पूरी तरह रोक दिया गया है। देड़तलाई से आठ किमी दूर शेखपुरा के पास हाईवे पर स्टॉपर लगाकर नाकाबंदी करने के साथ ही यहां दो पुलिस जवान, नगर सुरक्षा समिति सदस्य और कोटवारों को भी तैनात किया है। ये लोग यहां आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में 24 घंटे मुस्तैद रहेंगे। यहां से खंडवा और खालवा तक आवाजाही होती है। देड़तलाई से लगे तीनों रास्तों की नाकाबंदी करने के बाद खंडवा से खालवा, खालवा से देड़तलाई और देड़तलाई से खंडवा के लिए दोनों तरफ से आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई है।

आम दिनों में गुजरते हैं एक हजार से अधिक वाहन, अब एक भी नहीं जा सकेगा
खंडवा-अमरावती हाईवे से देड़तलाई होते हुए आम दिनों में करीब एक हजार से अधिक वाहन गुजरते हैं। इनमें भी 20 से अधिक तो बसें होती हैं। लॉकडाउन लागू होने के बाद से अनुमति लेकर यहां से किराना, अनाज और सब्जी के करीब पांच-छह वाहन गुजर रहे थे लेकिन अब इन पर भी पूरी तरह पाबंदी लगा दी गई है।

ट्रैक्टर-ट्रक आड़े खड़े कर गांव के रास्ते भी बंद किए
महाराष्ट्र से लगे कच्चे रास्ते खुदवाने के साथ ही देड़तलाई के आसपास के सभी गांवों को जोड़ने वाले रास्ते भी बेरिकेड्स लगाने के साथ रोड पर ट्रैक्टर और ट्रक आड़े खड़े कर बंद कर दिए गए हैं। इस कारण गुरुवार को इन रास्तों पर सन्नाटा पसरा रहा।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
महाराष्ट्र जाने वाले देड़तलाई से भोखरबलड़ी, देड़तलाई से खापरखेड़ा और चौखंडिया से सादरावाड़ी के कच्चे रास्तों को जेसीबी से खोद दिया है। ताकि यहां से आवाजाही पूरी तरह बंद की जा सके। देड़तलाई चौकी प्रभारी हंस जगदीश झिंझोरे ने खुद खड़े रहकर ये रास्ते खुदवाए।


source https://www.bhaskar.com/local/mp/khandwa/news/coronavirus-khandwa-update-khandwa-amravati-highway-closed-after-patient-found-in-coronavirus-positive-127144041.html

No comments:

Post a Comment