Sunday, April 19, 2020

टोटल लॉकडाउन में भी निकले लोग, 369 के काटे चालान, दो पर एफआईआर दर्ज

टोटल लॉकडाउन, शहर में रविवार को कर्फ्यू जैसा नजारा दिखा। शहर की सड़कों पर पुलिस की सख्ती भी थी, जो लोग सुबह 9 बजे के बाद सड़कों पर नजर आए उन्हें लाठी के जोर पर खदेड़ा गया। शहर में जगह-जगह चेकिंग पॉइंट लगा था, जिन पर पुलिसकर्मी लाठी के साथ तैनात थे। आने-जाने वालों से घर से बाहर आने का कारण पूछा गया। इस कवायद के बावजूद कॉलोनी और मोहल्लों में लोग दुकानें खोलकर बैठ गए। जिन पर सख्ती की गई। दो लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई। रविवार को बेवजह घर से बाहर निकले 369 लोगों के चालान भी काटे गए। इस दौरान एक लाख सात हजार रुपए जुर्माना वसूला गया। यह सख्ती इसलिए की गई, ताकि शहर ग्रीन जोन में शामिल हो और यहां कोरोना संक्रमित मरीज न बढ़ें व धीरे-धीरे सबकुछ सामान्य हो जाए।
साढ़े तीन घंटे का फ्लैग मार्च
फूलबाग चौराहे पर ठीक 9.30 बजे दो एएसपी, चार सीएसपी, 11 टीआई और पुलिसकर्मी इकट्ठे हुए। 24 वाहनों के साथ पुलिस अफसर एक साथ शहर में निकले। जहां-जहां से यह फ्लैग मार्च निकला, वहां एक साथ पुलिस की इतनी गाड़ियां देखकर जो लोग घर के बाहर खड़े थे, वह भी अंदर चले गए। लोग घरों से बाहर झांकने लगे। फूलबाग से नदीगेट, जयेंद्रगंज, दाल बाजार, नया बाजार, कंपू, चना कोठार, जवाहर कॉलोनी, कंपू ईदगाह, माधोगंज, रॉक्सी पुल, जीवाजीगंज, रामदास घाटी, बहोड़ापुर, सागरताल रोड, चार शहर का नाका, हजीरा, बिरलानगर, गोला का मंदिर, मुरार बारादरी चौराहा, थाटीपुर होते हुए फूलबाग पहुंचा। साढ़े तीन घंटे तक फ्लैग मार्च शहर की सड़कों से निकला।

दृश्य-1: दुकान खोलकर बेच रहा था किराने का सामान, पुलिस पकड़ ले गई
शताब्दीपुरम में रहने वाला पूरन पुत्र रंजीत सिकरवार। सुबह करीब 9.30 बजे किराने की दुकान खोलकर सामान बेचने लगा। इसके बाहर भीड़ लग गई। महाराजपुरा थाने का फोर्स आया तो वह शटर बंद कर भागने लगा। उसे पकड़ लिया। पकड़ने के बाद थाने ले गए और उस पर एफआईआर दर्ज की। उसके परिजनों ने हंगामा भी किया लेकिन जैसे ही वीडियो रिकॉर्डिंग की तो भाग निकले। इससे आगे भिंड रोड पर निर्मल जाटव दुकान खोकर बैठा था। महाराजपुरा पुलिस ने उस पर एफआईआर दर्ज कर ली है।
दृश्य-2: दूध डेयरी पर लग गई थी भीड़ पुलिस ने बंद करवा दी
मुरार के बारादरी चौराहा, सदर बाजार में दुकान बंद थी। सुबह दूध डेयरी पर जरूर भीड़ थी। पुलिस ने भीड़ होने पर इन्हें भी बंद करवा दिया।
दृश्य-3: खुल गई थीं किराने की दुकानें, पुलिस ने बंद कराईं
सुबह करीब 8.30 बजे, गोल पहाड़िया इलाके में किराने की दुकान खुली थी। यहां पुलिस ने पहुंचकर लाठी चलाकर दुकानें बंद कराई। सब्जी के ठेले यहां लगे थे। पुलिस की गाड़ी देखकर सब्जी के ठेले वाले भाग गए। उधर छत्री मंडी में दूध डेयरी पर भीड़ हो रही थी, यहां पुलिस ने इन्हें लाइन में लगाया। व्यवस्था बिगड़ने पर पुलिस ने डेयरी बंद करवा दी।
दृश्य-4: गलियों में लग गए सब्जी के ठेले, पुलिस ने लाठी चलाकर भगाया
जीवाजीगंज, लक्ष्मण तलैया, दानाओली में कुछ दुकान और ठेले लग गए। यहां से फ्लैग मार्च जैसे ही निकला तो शटर गिर गए। महाराज बाड़ा पर पुलिसकर्मियों ने बेवजह सड़क पर निकले 43 लोगों के चालान दोपहर 1 बजे तक बनाए। माधोगंज की गलियों में भी सब्जी के ठेले लग गए। पुलिस गलियों में पहुंची और लाठी चलाकर इन्हें भगाया।

सात दिन में 4320 चालान 9.67 लाख जुर्माना वसूला
लॉकडाउन में पिछले सात दिन में पुलिस ने 4320 चालान बनाए। इसमें बेवजह सड़क पर निकले, बिना मास्क के निकले और लॉकडाउन तोड़ने वालों से 9.67 लाख रुपए जुर्माना वसूला।

आदेश हवा: महाराज बाड़ा में खुले रहे मेडिकल स्टोर

टोटल लॉकडाउन में कलेक्टर ने महाराज बाड़ा क्षेत्र की तीन दवा दुकानों को छूट दी थी, लेकिन रविवार की सुबह 9 बजे तक पांच दुकानें खुली थीं। बिना मंजूरी खुलीं इन दुकानों को न तो मौके पर खड़ी पुलिस ने बंद कराया न औषधि निरीक्षक और इंसीडेंट कमांडरों ने। दूसरी तरफ बहोड़ापुर, गोल पहाड़िया, सिकंदर कंपू, मुरार और महाराजपुरा जैसे इलाकों में सभी मेडिकल स्टोर बंद रहे। इन क्षेत्रों में प्राइवेट नर्सिंग होम कम है, इससे लोग परेशान हुए।

निरीक्षण में अफसरों को बंद मिलीं पान मसाला की दुकानें
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने रविवार को शहर के अलग-अलग स्थानों पर गुटखा व पान मसाले की अवैध रूप से हो रही बिक्री की जांच की। इस दौरान पान मसाले की सभी दुकानें बंद िमलीं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
People locked in total lockdown, challan of 369, FIR registered on two


source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/news/people-locked-in-total-lockdown-challan-of-369-fir-registered-on-two-127201767.html

No comments:

Post a Comment