Tuesday, March 31, 2020

इंदौर और भोपाल में कोरोना के मरीज बढ़े, ग्वालियर में लॉकडाउन का पालन न होने से बिगड़ सकते हैं हालात

कोरोना के संक्रमण को न तो शहर के लोग गंभीरता से ले रहे हैं और न ही इसका जिम्मेदार अमला। बाजारों में हाट की तरह भीड़ उमड़ रही है। प्रशासन ने जिन लोगों को होम क्वारेंटाइन किया है, उनमें से कई लोगों को तो इसका मतलब भी नहीं मालूम। वे इसकी गंभीरता को समझे बिना आराम से घूम रहे हैं। उनका कहना है कि उन्हें न तो किसी ने घर पर रहने की सलाह दी और न ही जिम्मेदार उनका फॉलोअप ले रहे हैं। इन हालातों के चलते खतरा बढ़ने की आशंका है इसलिए दैनिक भास्कर की शहरवासियों से अपील है कि आप घर में ही रहें तो बेहतर होगा।

16 बाजारों में 6 घंटे आम दिनों की तरह उमड़ी भीड़, दुकानों पर खरीदारों के झुंड, सख्ती भी नहीं

1 मामा का बाजार: सुबह 7.20 बजे, यहां दूध, राशन की दुकान पर लोग समूह में खड़े थे। न इन्हें रोकने के लिए पुलिस थी न कोई अन्य इंतजाम। दुकानों के बाहर मार्किंग तक नहीं।
2 माधोगंज: पुलिस थाने के पास से लेकर आगे चौराहे तक, हालात खराब थे। दुकानों के बाहर इतनी भीड़ थी कि लोगों ने अपनी गाड़ियां सड़क पर लगाईं तो आधी-आधी सड़क घिर गई। एक एफआरवी यहां से गुजरी, लेकिन सायरन बजाते हुए पुलिसकर्मी निकल गए। अनाउंसमेंट तक नहीं किया।
3 लाला का बाजार: यहां दुकानों के साथ छोटी क्लिनिक और दवा की दुकानों पर भीड़ लगी थी। शास्त्री क्लिनिक के पास भीड़ होने पर पुलिस पहुंची।
4 महाराज बाड़ा: चिटनीस की गोठ तिराहे से लेकर छापा खाना और महाराज बाड़ा। यहां मंगलवार सुबह जमीन पर भी सामान रखकर लोग बेच रहे थे। सप्तमी के चलते यहां पूजा का सामान बेचने वाली दुकान, फल के ठेले,किराने की दुकान, जमीन पर रखकर सामान बेचने वालों की भीड़ थी। ठीक सामने बृजवासी मिष्ठान्न भंडार के बाहर कुर्सी डालकर कोतवाली थाने का स्टाफ बैठा था, लेकिन भीड़ तक नहीं छंटवाई।
5 चावड़ी बाजार: यहां दवा की दुकान और फल के ठेलों पर लोग एक-दूसरे से सटकर खड़े थे। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो रहा था।
6 खासगी बाजार: किराने की दुकान, दवा की दुकानों पर भीड़, एक बार भी पुलिस नहीं गुजरी।
7 छत्री मंडी: मंडी के बाहर बैरिकेड लगा दिए गए। यहां लोगों ने वाहन लगाए तो भीड़ लग गई। अंदर भी एक-एक दुकान पर कई लोग खड़े थे। दुकानदार न ग्लब्स पहने थे न मास्क लगाए थे। किराने की दुकानों पर भी भीड़ थी। इसी तरह मंडी के पीछे भी यही हालात थे। सड़क पर पार्किंग से जाम लगने लगा।
8 लक्ष्मीगंज: लक्ष्मीगंज सब्जीमंडी में फिर व्यवस्था चरमरा गई। सुबह 5 बजे से यहां भीड़ लग गई। हालात ऐसे हो गए कि अंदर पैर रखने तक की जगह नहीं थी। सड़कों पर गाड़ियां लग गई। इसके चलते गोल पहाड़िया तक भीड़ लगी। यहां राशन की दुकानों पर भी कोई लोगों ने दूरी मेंटेन नहीं की।
9 हनुमान चौराहा: जनकगंज डिस्पेंसरी से चौराहे तक हालात खराब थे। भीड़ लगी थी। डिस्पेंसरी के बाहर ही मरीजों की भीड़ थी। इसके सामने बैंक ऑफ इंडिया के बाहर लोगों की जमकर भीड़ थी। सोशल डिस्टेंसिंग नहीं थी। न पुलिस आई न बैंक के स्टाफ ने कुछ इंतजाम किए।
10 फालका बाजार: यहां राशन की दुकानों पर लोग दूर-दूर खड़े थे। दवा की दुकान पर जरुर भीड़ थी। लेकिन दुकानदार ने खुद ही दो हिस्सों में लाइन लगवा रखी थी।
11 इंदरगंज: यहां किराने, दूध की दुकान और सब्जी के ठेलों पर लोग इकठ्ठे थे। दाल बाजार आने वाले कई लोगों ने सड़क पर पार्किंग की, इससे यहां व्यवस्था बिगड़ी। अचलेश्वर रोड पर कुछ लोग खाना बांट रहे थे, यहां पूरी कार को घेरकर झुंड में लोग खड़े थे।
12 दाल बाजार: यहां रोज की तरह भीड़ लगी रही। सामान्य ग्राहक भी यहां पहुंचा। कई दुकानों पर पुलिस ने खुद लोगों को दूर किया।
13 नाका चंद्रवदनी: यहां हालात खराब थे। दुकान, सब्जी के ठेले। सामान्य दिन की तरह पूरा बाजार चल रहा था। यहां दूध की डेयरियों पर लोगों की खूब भीड़ थी। यहां पुलिस ही नजर नहीं आई।
14 हजीरा चौराहा: यहां से लेकर तानसेन मकबरे तक लोग भीड़ लगाकर खड़े थे। यहां पुलिस लगातार अनाउंसमेंट कर रही थी। पुलिस को देखकर ही लोग अलग हो रहे थे। वहीं बिरलानगर सब्जी मंडी पर कुछ देर के लिए हालात बिगड़े लेकिन पुलिस ने यहां लाठी फटकार कर लोगों को खदेड़ा।
15 पिंटो पार्क: गोला का मंदिर चौराहा, पिंटो पार्क। यहां दुकानदार लापरवाही कर रहे हैं। सुरक्षा के इंतजाम किए बिना ही ग्राहकों को सामान दिया जा रहा है।
16 मुरार: मुरार के सात नंबर चौराहा, सदर बाजार, एमएच चौराहा, थाटीपुर चौराहा, मयूर मार्केट। कहीं भी सोशल डिस्टेंसिंग फॉलो नहीं हो रही थी। सदर बाजार में जब लोग नहीं माने तो पुलिस ने लाठी के जोर पर दुकानें बंद करा दीं। सुबह 10 बजे ही यहां दुकानें बंद कर दी गई।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
अवाड़पुरा रोड पर लाॅकडाउन के दौरान सुबह 10 बजे इतनी भीड़ उमड़ी, जैसे यहां कोई हाट बाजार लगा हो।


source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/news/corona-patients-increased-in-indore-and-bhopal-situation-may-deteriorate-due-to-non-compliance-of-lockdown-in-gwalior-127083661.html

No comments:

Post a Comment