भोपाल. भारती निकेतन में पूर्व गृहमंत्री सत्यदेव कटारे के छोटे बेटे योगेश कटारे ने मंगलवार देर रात कांग्रेस नेता को गोली मार दी। मकान के बाड़े में घुसकर अलाव से हाथ तापने को लेकर दोनों में बहस हुई थी। गनीमत रही कि गोली दाहिने हाथ की छोटी अंगुली में लगी। गोविंदपुरा पुलिस ने योगेश और उसके साथी के खिलाफ जानलेवा हमले का केस तो दर्ज कर लिया है, लेकिन उसे गिरफ्तार अब तक नहीं कर पाई है।
मंगलवार रात करीब 11:50 बजे ये वारदात बाग फरहत अफ्जा निवासी 52 वर्षीय इकबाल खान के साथ हुई। कुरियर कंपनी में काम करने के साथ-साथ वह कांग्रेस के जिला महामंत्री भी हैं। टीआई अशोक सिंह परिहार ने बताया कि मंगलवार रात इकबाल भारती निकेतन में रहने वाले अपने दोस्त सत्यजीत चौहान के घर जा रहे थे। सत्यजीत के मकान के पीछे पूर्व गृहमंत्री सत्यदेव कटारे के बेटे योगेश का मकान भी है। रास्ते में इकबाल को योगेश अपने दोस्तों के साथ अलाव पर आग तापते नजर आए।
इकबाल भी रुककर आग तापने लगे। इस पर योगेश ने उन्हें जाने के लिए कहा। इसी बात पर दोनों में बहस हो गई। इकबाल वहां से निकलकर अपने दोस्त के घर पहुंचे ही थे, तभी योगेश अपने दोस्त के साथ आ गया। यहां दोनों में दोबारा बहस हुई और योगेश ने रिवॉल्वर से फायर दाग दिया। ऐन वक्त पर इकबाल ने बचने के लिए हाथ उठाया तो गोली उनके दाहिने हाथ की छोटी अंगुली में जा लगी।
शोर सुनकर फैली दहशत, पुलिस भी पहुंची
गोली चलने की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई। इसकी सूचना पर गोविंदपुरा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने इकबाल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। तक तक आरोपी फरार हो चुके थे। इकबाल की शिकायत पर पुलिस ने योगेश और उसके साथी के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज कर लिया है। योगेश इससे पहले पालीवाल अस्पताल में किराए के विवाद को लेकर हंगामा भी कर चुका है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/mp/bhopal/news/former-home-minister-katares-son-shoots-congress-general-secretary-debate-on-fire-heating-126411341.html
No comments:
Post a Comment