Tuesday, December 24, 2019

करीला रोड को बनाने में बाधा बन रहीं सिंचाई विभाग की तीन पुलियां, रंगपंचमी तक पूरा नहीं होगा काम

करीला रोड पर बनी सिंचाई विभाग की सकरी पुलियाएं जो सड़क निर्माण में बाधा बनेगी।

ठेकेदार ने करीला रोड पर बनने वाली 8 पुलियाओं का काम किया पूरा

भास्कर संवाददाता | बंगलाचौराहा

करीला रोड निर्माण का काम ठेकेदार द्वारा धीमी गति से किया जा रहा है। साथ ही करीला रोड निर्माण में जल संसाधन विभाग की तीन सकरी पुलिया बाधा बन रही है। ठेकेदार ने इन पुलियाओं का निर्माण कार्य अभी तक शुरू किया है। इससे ऐसा लग रहा है कि रंगपंचमी मेले तक करीला रोड का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाएगा।

करीला रोड निर्माण के समय सड़क की चौड़ाई बढ़ा दी गई है। इस कारण सड़क निर्माण कार्य में सिंचाई विभाग की तीन पुलियाओं के कारण परेशानी हो रही है। इस समस्या के निदान की तरफ न सिंचाई विभाग ध्यान दे रहा है और न ही पीडब्ल्यूडी विभाग। सड़क निर्माण के पहले यदि इन पुलियाओं की चौड़ाई नहीं बढ़ाई तो निर्माण के समय इन जगहों पर सड़क का निर्माण नहीं होगा। इससे मेले के समय लाखों श्रद्धालुओं को यहां से निकलने में हर साल की तरह परेशानी होगी।

बारिश के पहले ही बन गई थी 8 पुलियाएं : सड़क निर्माण ठेकेदार ने बारिश के पहले ही इस रोड पर पड़ने वाली करीब आठ पुलियाएं बना दी हैं। इसके बाद भी करीला रोड पर सिंचाई विभाग की तीन पुलियाएं रह गई हैं। यह पुलियाएं कोंचा बांध और मोलाबांध तालाब की हैं। रंगपंचमी मेले को करीब 3 माह शेष हैं। ऐसे स्थिति में इन पुलियाओं के नहीं बनने से मेले के समय परेशानी होगी।

धीमी गति से हो रहा सड़क निर्माण कार्य : करीला रोड निर्माण का काम धीमी गति से हो रहा है। रोड पर 8 पुलियाओं के बनने के अलावा अभी तक मात्र ढाई किमी तक गिट्टी डाली गई है। साथ ही सड़क को चौड़ा करने के लिए अर्थवर्क किया जा रहा है। बंगलाचौराहा से बामोरी शाला तक करीब 5 किमी सड़क बनाई जाना है। इनमें से अभी मात्र ढाई किमी सड़क पर ही अर्थवर्क और गिट्टी डाली गई है। शेष ढाई किमी सड़क को अभी मात्र खोदा गया है। इसके अलावा सड़क पर कोई काम नहीं हुआ है। सड़क निमार्ण की धीमी गति से से ऐसा लगता है कि इस बार भी मेले के समय लाखों श्रद्धालुओं को मंदिर जाने में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। बंगलाचौराहा से करीला मंदिर जाने वाला यह मुख्य मार्ग है। मेले के समय इस मार्ग से करीब 7-8 लाख लोगों का निकलना होता है।

इस समस्या के निदान की तरफ न सिंचाई विभाग ध्यान दे रहा है और न ही पीडब्ल्यूडी विभाग

हर पूर्णिमा को लगता है यहां पर मेला

करीला में हर पूर्णिमा पर मेले का आयोजन किया जाता है। इस दौरान करीब 10 से 15 हजार श्रद्धालु करीला पहुंचकर मां जानकी का पूजन करते हैं। करीला रोड के उखड़ने से श्रद्धालुओं को मंदिर पहुंचने में परेशानी होती है। चार पहिया और भारी वाहनों के गुजरने से इस रोड पर दिन भर धूल और मिट्टी उड़ती रहती है।

स्वीकृति मिलते ही शुरू होगा निर्माण कार्य

पुलियाओं का एस्टीमेट बनाकर हमने भोपाल भेजा है। हमारा उद्देश्य है कि सड़क करीब साढ़े 5 मीटर चौड़ी होनी चाहिए। उन्हीं में यह तीन पुलिया भी शामिल होंगी। जैसे ही स्वीकृति मिलती है पुलियाओं का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। दिलीप बिगोनिया, ईई पीडब्ल्यूडी, अशोकनगर



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Ashoknagar News - mp news three bridges of irrigation department which are hindering construction of karila road will not be completed till rangpanchami


source https://www.bhaskar.com/mp/ashoknagar/news/mp-news-three-bridges-of-irrigation-department-which-are-hindering-construction-of-karila-road-will-not-be-completed-till-rangpanchami-063528-6258519.html

No comments:

Post a Comment