Thursday, November 28, 2019

स्वामित्व की जांच पूरी नहीं हुई, जमीन की हो गई रजिस्ट्री

सिरोल क्षेत्र में विवादास्पद जमीन के स्वामित्व को लेकर प्रशासन की जांच चलती रही और उसकी रजिस्ट्री कर दी गई। जमीन के स्वामित्व को लेकर जांच तत्कालीन कलेक्टर आकाश त्रिपाठी ने शुरू की थी। जमीन की रजिस्ट्री में निर्धारित मूल्य भी नहीं वसूला गया, जिससे शासन को राजस्व का भी नुकसान हुआ। इस मामले की जांच अब आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो ने शुरू की है।

सिरोल में सर्वे क्रमांक 358 की 1.986 हेक्टेयर जमीन राजस्व रिकॉर्ड में लज्जाराम के नाम पर दर्ज थी। लज्जाराम अपने पिता के इकलौते पुत्र थे और उन्होंने भी शादी नहीं की थी। जनवरी 2010 में लज्जाराम की मौत हो गई। लज्जाराम की मौत के दस माह बाद यह जमीन गुपचुप तरीके से उत्तम सिंह के नाम पर दर्ज हो गई। वर्ष 2011 में तत्कालीन कलेक्टर आकाश त्रिपाठी ने सिरोल में जमीन क्रय-विक्रय में गड़बड़ी की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए जांच के निर्देश दिए। इसके बाद इस जमीन को भी विवादित भूमि मानते हुए 24 फरवरी 2011 को जांच शुरू की थी। जांच के चलते ही दिसंबर 2013 में इस जमीन का विक्रय विजिट रजिस्ट्री के माध्यम से कर दिया गया। रजिस्ट्री में विक्रय राशि 29 लाख रुपए नगद अग्रिम बताई गई जबकि जमीन की सरकारी वास्तविक कीमत 5.51 करोड़ है, और उस पर 40 लाख रुपए स्टांप ड्यूटी भी लगाई गई। रजिस्ट्री के बाद 21 मार्च 2014 को अपनी इसी भूमि के सीमांकन का आवेदन भी प्रशासन को दिया। इस आवेदन से भी भूमि का विक्रय संदिग्ध हो गया। रजिस्ट्री के बाद उत्तम सिंह ने 5 जनवरी 2014 को विवाद के कॉलम से पेंसिली शब्द हटाने के लिए आवेदन दिया। आवेदन में यह भी लिखा कि वह इस जमीन पर खेती करता है, इन आवेदन में उत्तम ने खुद को स्वर्गीय लज्जाराम का पुत्र बताया। इस आवेदन में सही तथ्यों को छिपाकर मार्च 2016 में विवादित पेंसिली शब्द हटा दिया गया और जमीन का नामांतरण भी कर दिया गया। बाद में यह मामला फिर कलेक्टर के संज्ञान में आने पर अक्टूबर 2016 में फिर जमीन को विवादित मानते हुए विवादित पेंसिली कॉलम में दर्ज कर दिया गया। प्रशासन अब भी इस जमीन की जांच कर रहा है अौर इसकी पूर्व में विवाद के चलते रजिस्ट्री भी हो चुकी है।

शिकायत को परीक्षण के लिए भोपाल भेजा है

सिरोल में सर्वे क्रमांक 358 की जमीन की प्रशासन की जांच के चलते रजिस्ट्री होने अौर पेंसिली कॉलम से हटाकर फिर उसी कॉलम दर्ज किए जाने की शिकायत मिली है। शिकायत को परीक्षण के लिए मुख्यालय भेजा गया है। रघुवंश भदौरिया, एसपी, ईअोडब्ल्यू



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/mp/gwalior/news/mp-news-ownership-check-not-completed-land-registry-082602-6052249.html

No comments:

Post a Comment