Friday, November 22, 2019

सिंधिया का सीएम को पत्र: दतिया में एक और डिग्री कॉलेज खुले, बड़ौनी को बनाया जाए ब्लॉक

20 नवंबर को संवाद में लोगों ने बताई थीं स्थानीय समस्याएं

भास्कर संवाददाता | दतिया

पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दतिया जिले की समस्याओं को लेकर शुक्रवार को मप्र के मुख्यमंत्री कमलनाथ को पत्र लिखा है। पत्र में आठ बिंदुओं में समस्याओं का उल्लेख किया गया है। इनमें बड़ौनी को अलग से ब्लॉक बनाने और दतिया में एक और डिग्री कॉलेज बनाने की भी मांग शामिल है।

बता दें कि 20 नवंबर को पूर्व केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने वृंदावन धाम में आमजन व कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर समस्याएं सुनी थीं और उन्हें कोरे कागज पर नोट भी किया था। संवाद में सामने आईं समस्याओं को लेकर शुक्रवार को सिंधिया ने एक पत्र सीएम कमलनाथ को लिखकर बिंदुवार समस्याओं के संबंध में संबंधितों को निर्देश जारी करने के लिए कहा। सिंधिया ने पत्र में उल्लेख किया कि दतिया में एक अलग से शासकीय महाविद्यालय की जरूरत है, वर्तमान में जो महाविद्यालय है, उसकी क्षमता कम होने से हजारों विद्यार्थी प्रवेश से वंचित रह जाते हैं। दतिया नगर की अधिकांश सड़कें बहुत जर्जर हैं, जबकि पूरे देश से मां पीतांबरा के दर्शन करने के लिए लाखों लोग यहां आते हैं, उनको एवं नगर के रहवासियों को बहुत दिक्कत होती है। सड़कों का पुन: निर्माण जरूरी है। बड़ौनी को पृथक से ब्लॉक बनाने की मांग की गई है क्योंकि दतिया ब्लॉक काफी बड़ा है, जिसमें लगभग 150 से अधिक पंचायत हैं, जिसके कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

अतिवृष्टि के कारण उड़द, तिल एवं सोयाबीन की फसल दतिया जिले में भी बड़े पैमाने पर खराब हुई है, जिसके मुआवजे की मांग की गई है। ताकि किसानों को रबी सीजन की फसल की बुवाई में सहयोग मिल सके। सेंवढ़ा शा. अस्पताल में महिला चिकित्सक की पदस्थापना की मांग की है। महिला चिकित्सक न होने से महिला रोगियों को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ता है। जिले में मवेशी सड़कों पर व खेतों में घूमते हैं, फसल खराब करने के साथ ही लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं, गौशाला निर्माण में जिले को प्राथमिकता में लेने की जरूरत है। बड़ौनी में एक कमरे में तहसील कार्यालय का संचालन हो रहा है, नए भवन की जरूरत है ताकि राजस्व के सभी कार्य बड़ौनी से संपादित हो सकें। वर्तमान में लोगों को दतिया जाना पड़ता है। इंदरगढ़-भांडेर मार्ग बहुत खराब है जिसका पुन: निर्माण आवश्यक है। इंदरगढ़ में बायपास मार्ग बनाना भी आवश्यक है ताकि दुर्घटनाएं रोकी जा सकें। सिंधिया ने पत्र में मुख्यमंत्री से जल्द समस्याओं के निराकरण की मांग की।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/mp/datia/news/mp-news-scindia39s-letter-to-cm-another-degree-college-opens-in-datia-baroni-should-be-made-a-block-071048-6004692.html

No comments:

Post a Comment